धीरज बम्मादेवरा ने रविवार को भारतीय तीरंदाजी में नया इतिहास रच दिया. वह वर्ल्ड कप फाइनल में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाज बन गए. 25 वर्षीय आर्मी तीरंदाज ने रोमांचक फाइनल में जापान के नाकानिशी जुन्या को शूट-ऑफ में 10-9 से हराया.
विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर मौजूद धीरज ने पांच सेट के मुकाबले में 20वीं रैंकिंग वाले नाकानिशी को 6-5 से मात दी. इसके बाद शूट-ऑफ में धीरज ने परफेक्ट 10 अंक हासिल किए, जबकि जापानी तीरंदाज 9 अंक ही बना सके. इस जीत से भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाजों का इस प्रतिष्ठित सत्रांत प्रतियोगिता में 16 साल का पदक इंतजार भी समाप्त हुआ.
दबाव में धीरज की वापसी
नाकानिशी ने मुकाबले की शुरुआत मजबूत की. शुरुआती छह तीरों में केवल तीन अंक गंवाकर उन्होंने 3-1 की बढ़त बना ली. धीरज ने तीसरे सेट में 29 अंक जुटाकर स्कोर 3-3 से बराबर किया.
चौथे सेट में नाकानिशी ने तीनों तीरों पर परफेक्ट स्कोर हासिल किया और 5-3 की बढ़त ले ली. खिताब जीतने के लिए उन्हें केवल पांचवां सेट बराबर करना था. हालांकि, धीरज ने निर्णायक सेट में दबाव के बावजूद सिर्फ दो अंक गंवाए. नाकानिशी 27 अंक ही बना सके, जिससे मुकाबला 5-5 पर पहुंच गया और फैसला शूट-ऑफ से हुआ.
क्वार्टर फाइनल से फाइनल तक दबदबा
धीरज ने क्वार्टर फाइनल में तुर्की के बेरकिम तुमेर को 7-1 से हराया. उन्होंने पहला सेट 28-25 से जीता और दूसरे सेट में दो 10 और एक 9 अंक हासिल कर 4-0 की बढ़त बनाई. तीसरा सेट 28-28 से बराबर रहने के बाद वह सेमीफाइनल में पहुंच गए.
सेमीफाइनल में उनका सामना फ्रांस के रियो ओलंपिक रजत पदक विजेता जीन-चार्ल्स वलाडों से हुआ. धीरज ने यह मुकाबला भी 7-1 से जीता.
धीरज 2023 और 2024 के वर्ल्ड कप फाइनल में पदक नहीं जीत सके थे. 2023 में हर्मोसिलो में वह सेमीफाइनल तक पहुंचे थे, लेकिन कांस्य पदक के मुकाबले में हार गए थे.
जयंत तालुकदार 2010 में एडिनबर्ग में कांस्य जीतकर वर्ल्ड कप फाइनल में पदक हासिल करने वाले आखिरी भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाज थे. महिलाओं में डोला बनर्जी 2007 में व्यक्तिगत स्वर्ण जीत चुकी हैं.
वर्ल्ड कप फाइनल के बाद धीरज अब एशियाई खेलों के लिए जापान रवाना होंगे. हांगझोउ एशियाई खेलों में वह क्वार्टर फाइनल से बाहर हुए थे, लेकिन भारतीय टीम के साथ रजत पदक जीता था.
