असम के डिब्रूगढ़ स्थित बोगीबील टर्मिनल से 5 अक्टूबर को बांग्लादेश के लिए अंतरराष्ट्रीय कार्गो पोत रवाना किया गया. केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस यात्रा को झंडी दिखाई. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा समारोह में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए.

पोत पर असम पेट्रो-केमिकल्स लिमिटेड के नामरूप संयंत्र में तैयार 540 मीट्रिक टन मेथनॉल लदा है. यह खेप ढाका के पांगांव बंदरगाह तक पहुंचाई जानी है.

ब्रह्मपुत्र और प्रोटोकॉल रूट से यात्रा

मालवाहक पोत ब्रह्मपुत्र पर राष्ट्रीय जलमार्ग-2 से भारत-बांग्लादेश सीमा तक जाएगा. इसके बाद यात्रा इंडो-बांग्लादेश प्रोटोकॉल रूट से आगे बढ़ेगी. अधिकारियों के अनुसार, यह स्वतंत्रता के बाद ऊपरी असम के डिब्रूगढ़ से किसी विदेशी बंदरगाह के लिए भेजी गई पहली कार्गो खेप है.

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, डिब्रूगढ़ का नदी व्यापार से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है, लेकिन शहर के नदी घाट के बंद होने के कई दशक बाद यह अंतरराष्ट्रीय माल ढुलाई शुरू हुई है. इस मार्ग से सड़क परिवहन पर दबाव घटाने और पूर्वोत्तर की बांग्लादेश के साथ व्यापारिक कनेक्टिविटी मजबूत होने की संभावना जताई गई है.