राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) की ओर से जारी पहली जिलावार श्रम बाजार रिपोर्ट में भारत के अलग-अलग जिलों के बीच रोजगार और महिला श्रम भागीदारी में बड़ा अंतर सामने आया है. यह डेटा संशोधित Periodic Labour Force Survey (PLFS) के तहत जारी किया गया है.

रिपोर्ट के अनुसार करीब 57.8% जिलों में महिलाओं की श्रम बल भागीदारी दर 40% या उससे अधिक रही. राज्यों के 10 सबसे अधिक महिला आबादी वाले जिलों में हिमाचल प्रदेश का हमीरपुर 80.9% के साथ सबसे ऊपर रहा. जम्मू-कश्मीर के बडगाम में यह दर 71.4%, ओडिशा के मयूरभंज में 71.8% और छत्तीसगढ़ के सरगुजा में 69% रही.

दूसरी ओर, पूर्वी दिल्ली में महिला श्रम भागीदारी 18.9%, बिहार के सीवान में 24.7% और पंजाब के पटियाला में 39.3% दर्ज की गई.

समग्र रोजगार संकेतकों में गुजरात का सूरत प्रमुख जिलों में सबसे आगे रहा, जहां श्रम बल भागीदारी दर 68.6% और worker population ratio 67.8% था. बिहार का दरभंगा दोनों संकेतकों में सबसे निचले स्तर पर रहा.

रिपोर्ट में 15-29 वर्ष के उन युवाओं का NEET अनुपात भी शामिल है, जो रोजगार, शिक्षा या प्रशिक्षण में नहीं हैं. करीब 76.2% जिलों में यह दर 30% से कम रही, जबकि 23.7% जिलों में यह 30% से अधिक दर्ज की गई.