दिवाली से एक दिन पहले देश के 50 शहरों में वायु गुणवत्ता बेहद खराब स्तर पर पहुंच गई. रात 9:30 बजे के आंकड़ों के अनुसार, मथुरा, रोहतक और भटिंडा में AQI 700 के पार दर्ज किया गया. दिल्ली, वाराणसी, सहरसा और कानपुर समेत कई शहरों में AQI 500 से ऊपर रहा.

वायु प्रदूषण के बीच स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. AIIMS के पूर्व निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया के अनुसार, कॉमॉर्बिडिटी वाले लोगों को सुबह और देर शाम बाहर निकलने से बचना चाहिए, क्योंकि सर्दियों में इन समयों पर जमीन के करीब प्रदूषण का स्तर बढ़ सकता है.

मुंबई के ENT सर्जन डॉ. वरुण दवे ने कहा कि करीब 250 AQI वाली हवा में सांस लेना दिन में 10 से 15 सिगरेट पीने के बराबर हो सकता है. विशेषज्ञों ने प्रदूषण से बचाव के उपाय अपनाने और दिवाली की मिठाइयों का सेवन सीमित रखने की सलाह भी दी है.

दिवाली के दिन इन इलाकों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, दिवाली के दिन देश के लगभग 70% हिस्से में मौसम साफ और शुष्क रह सकता है. गुजरात, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र में बारिश का अलर्ट नहीं है.

दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है. आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. रायलसीमा और आंध्र प्रदेश में तेज हवाएं चलने का अनुमान है.

10 नवंबर से पहाड़ी इलाकों में बदलाव

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद 10 नवंबर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश या बर्फबारी हो सकती है. इसके असर से देश के अन्य हिस्सों में ठंड बढ़ने और तापमान में गिरावट की संभावना है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और केरल में भी बारिश का येलो अलर्ट बताया गया है.