नई दिल्ली में भारत और पोलैंड ने अपनी रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और व्यापार, रक्षा, तकनीक, अंतरिक्ष समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया. पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वैश्विक अनिश्चितता के दौर में “उम्मीद की किरण” बताया और कहा कि वह उन्हें अपना मित्र कहने पर गर्व महसूस करते हैं.

हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में टस्क ने कहा कि दोनों देशों के बीच हितों का कोई टकराव नहीं है और ऐसा कोई ऐतिहासिक मुद्दा भी नहीं है, जो उन्हें विभाजित करता हो. उनके मुताबिक भारत और पोलैंड भरोसे, साझा मूल्यों और अहिंसा जैसे विचारों के आधार पर अपने संबंध आगे बढ़ा रहे हैं.

टस्क ने पोलैंड के ‘सॉलिडैरिटी’ आंदोलन और भारत की अहिंसा की परंपरा के बीच समानता का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि पोलैंड और भारत ने पिछले 35 वर्षों में अभूतपूर्व आर्थिक सफलता और तेज विकास देखा है. उनके अनुसार, दुनिया भारत और पोलैंड के विकास को देख रही है.

रणनीतिक साझेदारी और व्यापार पर चर्चा

टस्क ने कहा कि दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच भारत-पोलैंड रणनीतिक साझेदारी को विकसित और मजबूत करने पर सार्थक बातचीत हुई. इस साझेदारी की स्थापना प्रधानमंत्री मोदी की अगस्त 2024 की पोलैंड यात्रा के दौरान की गई थी. मोदी ने भी कहा कि उस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाया था और पिछले दो वर्षों में इसमें नई गति आई है.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत ने भारत-पोलैंड साझेदारी के लिए नए अवसर पैदा किए हैं. उन्होंने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते ने इन अवसरों का दायरा और व्यापक कर दिया है. दोनों पक्षों ने व्यापार और आर्थिक सहयोग बढ़ाने के रास्तों पर विचार किया.

दोनों नेताओं ने प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की. इस दौरान व्यापार, रक्षा, तकनीक और अंतरिक्ष क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई. बैठक के बाद कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी हुआ.

संस्कृति और वैश्विक मुद्दों पर भी बातचीत

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और पोलैंड के संबंधों को केवल राजनयिक रिश्तों तक सीमित नहीं बताया. उन्होंने कहा कि दोनों देशों की मित्रता मानवता और सहानुभूति की साझा विरासत पर आधारित है. मोदी ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जामनगर और कोल्हापुर के शाही परिवारों की ओर से पोलिश बच्चों और परिवारों को भारत में दी गई शरण का भी उल्लेख किया.

दोनों देशों ने संस्कृति, शिक्षा, खेल और पर्यटन में सहयोग मजबूत करने पर सहमति जताई. क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम, लोकतांत्रिक मूल्य और वैश्विक शासन संस्थानों में सुधार की जरूरत पर भी चर्चा हुई. मोदी ने कहा कि यूक्रेन और पश्चिम एशिया सहित मुद्दों पर भारत शांति के लिए किए जाने वाले हर सार्थक प्रयास का समर्थन करता रहेगा.

टस्क 21 से 23 अक्टूबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं. उनके साथ पोलैंड के वित्त एवं अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेज डोमान्स्की और कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी आया है. उन्होंने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी. यात्रा के दौरान नई दिल्ली में भारत-पोलैंड बिजनेस फोरम में भाग लेने और 23 अक्टूबर को बेंगलुरु जाकर सूचना प्रौद्योगिकी तथा अंतरिक्ष क्षेत्र के प्रतिनिधियों से मिलने का कार्यक्रम है.