राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से छह दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं. जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी चोरी की गाड़ियां 1,500 से 5,000 रुपये तक में बेचता था.

मामला रेलवे स्टेशन की स्टाफ पार्किंग से एक्टिवा चोरी होने के बाद सामने आया. आरई-3 रेलवे कॉलोनी निवासी हरीहर महतो ने बताया कि 28 सितंबर को उन्होंने अपनी ग्रे रंग की एक्टिवा (MH 49 AX 2090) पार्किंग में खड़ी की थी. रात करीब 11 बजे लौटने पर वाहन गायब मिला. शिकायत के बाद डोंगरगढ़ पुलिस ने जांच शुरू की.

पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर एक्टिवा अजय यादव के पास से बरामद की गई. पूछताछ में अजय ने बताया कि उसने इसे गिरवर उर्फ गोलू यादव से 1,500 रुपये में खरीदा था. इसके बाद पुलिस ने गिरवर यादव को छिरपानी के पास से गिरफ्तार किया. उसके पास से रेलवे स्टेशन के नजदीक छिपाकर रखी गई स्प्लेंडर बाइक (CG 08 F 0378) भी मिली.

जांच के दौरान वासु मंडावी और आकाश यादव को भी गिरफ्तार किया गया. पुलिस के मुताबिक, वासु के पास करीब 30 हजार रुपये कीमत की HF Deluxe बाइक मिली, जिसे उसने 5,000 रुपये में खरीदा था. आकाश के पास करीब 20 हजार रुपये कीमत की Passion Pro बाइक मिली, जिसे खरीदने की कीमत 1,800 रुपये बताई गई. दोनों के पास वाहनों के दस्तावेज नहीं मिले. पुलिस ने चोरी की संपत्ति खरीदने और छिपाने के आरोप में BNS की धारा 317(2) के तहत कार्रवाई की.

पुलिस रिमांड में पूछताछ के दौरान डोंगरगढ़ थाने में दर्ज दो अन्य मामलों से जुड़ी दो बाइक भी बरामद हुईं. इनकी कुल कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है. गिरफ्तार आरोपियों में गिरवर यादव (26), अजय यादव (38), वासु मंडावी (20) और आकाश यादव (25) शामिल हैं.

डोंगरगांव में CCTV से 12 घंटे में गिरफ्तारी

डोंगरगांव में पुलिस ने अलग बाइक चोरी के मामले में CCTV फुटेज की मदद से आरोपी को 12 घंटे के भीतर पकड़ लिया. ग्राम बरगांव निवासी लुलेश कुमार निषाद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 सितंबर को उनकी हीरो HF Deluxe बाइक (CG 08 Y 4603) चौकी रोड स्थित साहू वेल्डिंग दुकान के पास से चोरी हो गई.

फुटेज के आधार पर पुलिस बीनू विश्वकर्मा उर्फ विनोद विश्वकर्मा तक पहुंची. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर कॉलेज रोड, वार्ड नंबर 10 स्थित मकान के आंगन से बाइक बरामद की गई. आरोपी बीनू विश्वकर्मा (30) को न्यायालय में पेश किया गया.