बिलासपुर हाई कोर्ट ने डोंगरगढ़ में रेलवे अंडरब्रिज निर्माण के लिए अधिग्रहित हनुमान मंदिर की जमीन के मुआवजा वितरण पर रोक लगाने से इन्कार कर दिया है. न्यायमूर्ति रविंद्र कुमार अग्रवाल की एकल पीठ ने 8 अक्टूबर 2026 को दिए आदेश में कहा कि जमीन के स्वामित्व, उसकी पहचान और पुराने दस्तावेजों से जुड़े विवादित तथ्यों का अंतिम निर्णय सिविल कोर्ट में साक्ष्यों के आधार पर होगा.

हनुमान मंदिर की ओर से महंत सकेत बिहारी गुरु चेतनदास ने याचिका दायर की थी. मंदिर पक्ष का दावा था कि डोंगरगढ़ के खसरा नंबर 1630 और 1631 की कुल 3.35 एकड़ जमीन मंदिर की है. याचिका में कहा गया कि वर्ष 1957 में तत्कालीन महंत ने सक्षम न्यायालय की अनुमति के बिना जमीन बेच दी थी, इसलिए उस सौदे से खरीदारों को वैध मालिकाना हक नहीं मिल सकता.

मंदिर प्रबंधन ने राजस्व अभिलेखों में जमीन का रकबा घटाकर 2,180 वर्गफुट किए जाने पर भी आपत्ति जताई. उसे आशंका थी कि अंडरब्रिज के लिए अधिग्रहित जमीन का मुआवजा ऐसे लोगों को दिया जा सकता है, जिनका उस पर वैध अधिकार नहीं है. इसी आधार पर अस्थायी निषेधाज्ञा की मांग की गई थी.

हाई कोर्ट ने क्या कहा

राज्य की ओर से बताया गया कि निजी प्रतिवादी वर्ष 2003 के पंजीकृत विक्रय पत्रों और वर्ष 2017 के दानपत्र के आधार पर जमीन पर अधिकार का दावा कर रहे हैं. संबंधित भूखंड राजस्व अभिलेखों में भी उनके नाम दर्ज हैं.

हाई कोर्ट ने कहा कि केवल पुराने हस्तांतरण को अवैध बताने से अस्थायी रोक का अधिकार स्वतः नहीं बनता. याचिकाकर्ता को यह भी साबित करना होगा कि वह मंदिर की ओर से मुकदमा लड़ने के लिए अधिकृत है और रोक न लगने से ऐसी अपूरणीय क्षति होगी, जिसकी भरपाई कानूनी उपायों से संभव नहीं है.

पीठ ने स्पष्ट किया कि राजस्व अभिलेख अपने आप में अंतिम मालिकाना प्रमाण नहीं हैं. हालांकि, मौजूदा स्थिति में विवादित दावों के आधार पर सार्वजनिक निर्माण कार्य रोकने का पर्याप्त आधार नहीं मिला. हाई कोर्ट ने निचली अदालत और अपीलीय अदालत के आदेशों में हस्तक्षेप से इन्कार करते हुए याचिका खारिज कर दी. जमीन का अंतिम मालिकाना हक इस आदेश से तय नहीं हुआ है.