देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय के हॉस्टल मेस में सोमवार रात परोसे गए भोजन में कीड़ा मिलने के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया. छात्र पहले मेस में जुटे और बाद में कुलपति आवास पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए.
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने मेस व्यवस्था की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की. छात्रों का कहना था कि भोजन को लेकर पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ.
सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय प्रबंधन मौके पर पहुंचा और छात्रों को शांत कराने की कोशिश की. हालांकि, छात्र अपनी मांगों पर कायम रहे और जवाबदेही तय करने की मांग करते रहे.
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कहा गया कि शिकायत सही पाए जाने पर मेस संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. कुलपति ने बताया कि छात्रों को 2,200 रुपये में तीन वक्त का भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि 29 सितंबर को होने वाले छात्र परिषद चुनाव के कारण कुछ छात्र इस मुद्दे को राजनीतिक रंग दे रहे हैं.
