रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने लद्दाख के न्योमा स्थित मुध ड्रॉप जोन में AHAP पैराशूट सिस्टम का पहला लाइव जंप परीक्षण किया. मंगलवार, 6 अक्टूबर को हुए इस परीक्षण में जवानों ने 16,000 फीट की ऊंचाई से छलांग लगाई. पैराशूट 15,500 फीट पर खुला और जवानों ने 13,700 फीट की ऊंचाई पर स्थित न्योमा ड्रॉप जोन में लैंडिंग की.

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, AHAP बेहद ऊंचाई वाले इलाकों में बड़ी संख्या में पैराट्रूपर्स को उतारने के लिए बनाया गया स्टैटिक लाइन पैराशूट सिस्टम है. परीक्षण का उद्देश्य इसकी क्षमता और सैन्य उपयोगिता का आकलन करना था. मंत्रालय ने बताया कि सिस्टम में पैराशूट खोलने के कई विकल्प हैं और इसकी ऑपरेशनल ऊंचाई 18,000 फीट तक है.

इतनी ऊंचाई पर स्टैटिक लाइन जंप चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरा होता है. पैराशूट खुलने के समय तेज झटका और उतरने की तेज दर इसके प्रमुख जोखिमों में शामिल हैं. मंत्रालय ने कहा कि AHAP में उतरने की दर सुरक्षित स्तर पर रखी गई है, जिससे यह ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारतीय रक्षा बलों की जरूरतों के लिए उपयोगी हो सकता है.

AHAP को आगरा स्थित एरियल डिलीवरी रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट ने डिजाइन और विकसित किया है. इसका निर्माण ऑर्डनेंस पैराशूट फैक्ट्री, कानपुर ने किया. DGAQA ने इसकी जांच की, जबकि CEMILAC के RCMA कानपुर ने इसे प्रमाणित किया. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने परीक्षण में शामिल DRDO, रक्षा बलों, रक्षा सार्वजनिक उपक्रमों और उद्योग को बधाई दी.