केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार ने 2029 तक भारत को ड्रग-फ्री बनाने के लिए तीन साल का रोडमैप तैयार किया है. उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा शक्ति 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. शाह ने यह बात गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और केंद्र व राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही.
सरकार के अनुसार, इस रणनीति में नशीले पदार्थों की तस्करी से लेकर उनके वित्तपोषण तक पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई के साथ जागरूकता, उपचार, काउंसलिंग, पुनर्वास और आजीविका के अवसरों पर भी ध्यान दिया जाएगा.
मार्च 2029 तक 100 नेटवर्क तोड़ने का लक्ष्य
अमित शाह के मुताबिक, केंद्र ने मार्च 2029 तक 100 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क को ध्वस्त करने तथा विदेशों में छिपे 100 भगोड़ों को भारत लाने का लक्ष्य तय किया है. उन्होंने कहा कि सरकार भगोड़ों को वापस लाने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है.
उन्होंने यह भी बताया कि मार्च 2027 तक नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन की एंड-टू-एंड जानकारी उपलब्ध कराने का लक्ष्य है. वर्ष 2026 में कम से कम 75 गुप्त प्रयोगशालाओं को नष्ट करने की योजना भी बताई गई है.
चार स्तंभों पर आधारित रणनीति
शाह ने ड्रग-फ्री इंडिया रोडमैप के चार प्रमुख स्तंभ बताए. इनमें खुफिया जानकारी और अभियान आधारित प्रवर्तन, सिंथेटिक ड्रग्स पर नियंत्रण, मांग में कमी और नुकसान को सीमित करने के उपाय तथा संस्थागत क्षमता और समन्वय बढ़ाना शामिल है.
गृह मंत्री ने कहा कि 2019 में नशीले पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए चार-स्तरीय नेशनल कोऑर्डिनेशन कमेटी फॉर काउंटरिंग ड्रग ट्रैफिकिंग यानी NCORD व्यवस्था बनाई गई थी. यह व्यवस्था केंद्र, राज्य और जिला स्तर पर एजेंसियों के बीच समन्वय के लिए है. उनके अनुसार, सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स गठित की गई हैं और स्थानीय पुलिस को राष्ट्रीय रणनीति से जोड़ा गया है.
2019 में ही केंद्रीय एजेंसियों और राज्य सरकारों के बीच बड़े ड्रग नेटवर्क, उनके अंतरराष्ट्रीय संपर्कों और कार्रवाई से जुड़ी कमियों पर संयुक्त फैसले लेने के लिए जॉइंट कोऑर्डिनेशन कमेटी बनाए जाने की जानकारी भी दी गई.
प्रवर्तन के साथ इलाज और पुनर्वास पर जोर
अमित शाह ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान केवल गिरफ्तारी और जब्ती तक सीमित नहीं है. सरकार ने जागरूकता, उपचार, काउंसलिंग, पुनर्वास और रोजगार से जुड़े उपायों को भी इस अभियान का हिस्सा बनाया है. उन्होंने नशे की लत से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए 1933 MANAS हेल्पलाइन शुरू किए जाने का उल्लेख किया.
उन्होंने कहा कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का कैडर पुनर्गठित कर उसकी जनशक्ति, क्षेत्रीय मौजूदगी और संचालन क्षमता बढ़ाई गई है. सरकार का जोर तस्करी करने वाले नेटवर्क, उनके वित्तीय स्रोतों और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शनों पर कार्रवाई करने पर है.
भगोड़ों और संपत्तियों को लेकर सरकार के आंकड़े
गृह मंत्री के मुताबिक, जुलाई 2019 से जुलाई 2026 के बीच 36 देशों से 274 वांछित या फरार अपराधियों को भारत लाया गया. पिछले तीन वर्षों में 401 रेड कॉर्नर नोटिस जारी किए गए, जिनमें जुलाई 2026 तक जारी 182 नोटिस भी शामिल हैं.
उन्होंने बताया कि 1,400 से अधिक केंद्रीय और राज्य एजेंसियों को इंटरपोल के माध्यम से जोड़ा गया है, जिससे सूचनाओं के आदान-प्रदान में तेजी आने की उम्मीद है. शाह के अनुसार, 2019 से 2026 के बीच भगोड़ों की 17,874 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की गईं, जबकि 18,762 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद या बहाल की गई.
