JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले कुछ छात्र स्कूल और कोचिंग के बीच समय संतुलित करने के लिए डमी स्कूल एडमिशन का सहारा लेते हैं. इसमें छात्र स्कूल में दाखिला तो लेते हैं, लेकिन नियमित कक्षाओं में उपस्थित नहीं रहते. वे अपना अधिकांश समय कोचिंग और सेल्फ स्टडी में लगाते हैं.

हालांकि, CBSE के नियमों के अनुसार यह व्यवस्था नियमसम्मत नहीं मानी जाती. बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्रों की स्कूल में कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति जरूरी है. केवल स्कूल के रिकॉर्ड में नाम दर्ज होना या रजिस्टर में हाजिरी दर्ज होना पर्याप्त नहीं है.

किन परिस्थितियों में मिल सकती है छूट

कुछ विशेष परिस्थितियों में उपस्थिति की कमी पर छूट का प्रावधान है. इसमें मेडिकल इमरजेंसी या राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भागीदारी जैसी स्थितियां शामिल हैं. ऐसी छूट के लिए संबंधित दस्तावेज और उचित प्रमाण प्रस्तुत करना जरूरी होता है.

बोर्ड परीक्षा में बैठने पर असर

CBSE स्कूलों को छात्रों की उपस्थिति का रिकॉर्ड रखने और बोर्ड के नियमों का पालन कराने के निर्देश देता है. यदि निरीक्षण के दौरान कोई छात्र नियमित रूप से गैरहाजिर पाया जाता है और अनुपस्थिति का उचित कारण नहीं होता, तो उसे डमी छात्र माना जा सकता है. ऐसी स्थिति में बोर्ड परीक्षा में बैठने की पात्रता प्रभावित हो सकती है और छात्र को परीक्षा से रोका भी जा सकता है.

नियमित स्कूल नहीं जाने का असर केवल उपस्थिति तक सीमित नहीं रहता. इससे छात्रों का शिक्षकों से सीधा संवाद, प्रैक्टिकल कक्षाओं, समूह में पढ़ाई और स्कूल की अन्य गतिविधियों में भागीदारी कम हो जाती है. इसका प्रभाव विषयों की बुनियादी समझ और समग्र सीखने के अनुभव पर भी पड़ सकता है.