छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुम हुए 200 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए. पुलिस के अनुसार, इन मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹40 लाख है. बरामद फोन भिलाई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने मालिकों को लौटाए.
एक महीने तक चला अभियान
दुर्ग पुलिस के मुताबिक, जिला साइबर सेल और संबंधित थानों की टीमों ने गुम मोबाइल फोन से जुड़ी शिकायतों पर तकनीकी विश्लेषण किया. फोन की तलाश के लिए Central Equipment Identity Register (CEIR) पोर्टल, तकनीकी ट्रैकिंग और दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के साथ समन्वय का इस्तेमाल किया गया. इसके अलावा, दूसरे जिलों और राज्यों की पुलिस इकाइयों से भी संपर्क किया गया.
पुलिस ने बताया कि जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद सभी बरामद मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंपे गए. एसएसपी विजय अग्रवाल के अनुसार, ये फोन अलग-अलग समय पर गुम हुए थे और उन्हें लगातार एक महीने चले अभियान के दौरान बरामद किया गया.
अग्रवाल ने कहा कि पुलिस के पास करीब 3,000 और गुम मोबाइल फोन की सूची है. आने वाले समय में इन फोन को भी तलाशकर उनके धारकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तुरंत संबंधित थाने, साइबर सेल या CEIR पोर्टल पर इसकी सूचना दें. पुलिस के अनुसार, समय पर जानकारी मिलने से फोन को तकनीकी माध्यमों से ट्रैक करने में मदद मिलती है.
दुर्ग पुलिस ने मोबाइल फोन में स्क्रीन लॉक, मजबूत पासवर्ड और बायोमेट्रिक सुरक्षा जैसे विकल्प सक्रिय रखने की सलाह भी दी है. पुलिस ने इंटरनेट और बैंकिंग सेवाओं के बढ़ते इस्तेमाल के बीच साइबर सुरक्षा को जरूरी बताया.
