दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के घोषणापत्रों में पारंपरिक छात्र मुद्दों के साथ तकनीक, सुरक्षित आवास और जेन-जी छात्रों की रोजमर्रा की जरूरतों पर भी जोर दिया गया है.
दोनों संगठनों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल कौशल और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े प्रस्ताव रखे हैं. ABVP ने अपने ‘अ-आवास, भा-भागीदारी, वि-विश्वास, प-परिणाम’ मॉडल के तहत AI और डिजिटल स्किल्स से जुड़े अवसर बढ़ाने तथा परीक्षा परिणामों को समयबद्ध और पारदर्शी बनाने की बात कही है. NSUI ने ‘Accountable DU’ एजेंडे में 24×7 रीडिंग लाइब्रेरी, परिसर में निर्बाध Wi-Fi और डिजिटल स्किलिंग से जुड़ी इंटर्नशिप का वादा किया है.
छात्र आवास और सुरक्षा
सत्य निकेतन इलाके में हुए हालिया हादसे के बाद PG और हॉस्टल की सुरक्षा भी घोषणापत्रों का प्रमुख मुद्दा बनी है. ABVP ने नए छात्रावासों के निर्माण, PG और हॉस्टलों के सेफ्टी ऑडिट, अग्नि-सुरक्षा मानकों को सख्त करने और स्टूडेंट हाउसिंग सेल बनाने का प्रस्ताव रखा है. NSUI ने किराया नियंत्रण कानून को सख्ती से लागू करने और छात्रों के लिए सत्यापित तथा किफायती DU PG Portal शुरू करने की बात कही है.
महिला सुरक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दे पर NSUI ने छात्राओं के लिए हर महीने दो दिन के मासिक धर्म अवकाश, यौन उत्पीड़न के मामलों में जीरो टॉलरेंस और सब्सिडाइज्ड 24×7 कैंटीन का वादा किया है. ABVP ने पिंक बूथ, नाइट पेट्रोलिंग, स्त्री-रोग विशेषज्ञ की नियमित उपलब्धता, सैनिटरी नैपकिन डिस्पेंसर और नए कॉमन रूम बनाने की बात कही है.
परीक्षा और करियर से जुड़े प्रस्तावों में ABVP ने सप्लीमेंट्री परीक्षाओं, उत्तर पुस्तिकाओं की पारदर्शी जांच और समय पर डिग्री देने पर जोर दिया है. NSUI ने निःशुल्क मूल्यांकन व पुनर्मूल्यांकन और सस्ता मेट्रो कंसेशन पास देने का प्रस्ताव रखा है. ये सभी घोषणाएं संबंधित छात्र संगठनों के चुनावी वादे हैं.
