दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव की मतगणना शनिवार को नॉर्थ कैंपस स्थित यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम के मल्टीपर्पज हॉल में जारी है. तीसरे राउंड के बाद अध्यक्ष पद पर NSUI के विजय शंकर मीणा 3,571 मतों के साथ आगे चल रहे हैं. ABVP के यश डबास को 3,130 वोट मिले हैं.
उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शोकीन 4,264 मतों के साथ बढ़त बनाए हुए हैं. सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी को 2,805 वोट मिले हैं, जबकि NSUI की नम्रता चौधरी 2,332 मतों के साथ पीछे हैं. संयुक्त सचिव पद पर निर्दलीय विशेष यादव 2,598 मतों के साथ आगे हैं.
अध्यक्ष पद की मतगणना में पहले राउंड में तस्वीर अलग थी. उस चरण में यश डबास 1,503 मतों के साथ आगे थे और विजय शंकर मीणा को 1,191 वोट मिले थे. दूसरे राउंड में NSUI उम्मीदवार ने बढ़त हासिल की, जो तीसरे राउंड के बाद भी कायम है. ये रुझान अंतिम नतीजे नहीं हैं.
52 कॉलेजों में हुआ मतदान
DUSU चुनाव के लिए शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के 52 कॉलेजों और फैकल्टी में मतदान हुआ. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, कुल 1,51,519 विद्यार्थियों में से 61,312 ने वोट डाला. मतदान प्रतिशत 40.46 रहा.
दिल्ली विश्वविद्यालय में नॉर्थ और साउथ कैंपस समेत कुल 91 कॉलेज हैं, लेकिन DUSU चुनाव में सभी कॉलेज सीधे मतदान नहीं करते. सेंट स्टीफंस, लेडी श्रीराम कॉलेज और जीसस एंड मैरी कॉलेज उन संस्थानों में शामिल हैं, जो इस चुनाव में भाग नहीं लेते.
पिछले साल ABVP ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद जीते थे, जबकि उपाध्यक्ष पद NSUI के खाते में गया था. इस बार चुनाव में ABVP, कांग्रेस समर्थित NSUI और AISA-SFI के वाम गठबंधन के उम्मीदवार मैदान में हैं.
