दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ (DUSU) चुनाव के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे. वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू होगी. शुक्रवार को हुए मतदान में 40.46% वोट पड़े थे. इसे देश का सबसे बड़ा छात्र चुनाव बताया जाता है.
अध्यक्ष पद के लिए ABVP ने यश डबास और NSUI ने विजय शंकर मीणा को उम्मीदवार बनाया है. उपाध्यक्ष पद पर ABVP के ईशू मौर्या और NSUI के वीर चतरथ मैदान में हैं.
दिल्ली हाईकोर्ट ने चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद किसी भी तरह के विजय जुलूस पर रोक लगा दी है. इसलिए नतीजे आने के बाद समर्थकों की सार्वजनिक रैली या जुलूस पर रोक लागू रहेगी.
52 कॉलेज और फैकल्टी सीधे मतदान में शामिल
दिल्ली यूनिवर्सिटी में नॉर्थ और साउथ कैंपस समेत कुल 91 कॉलेज हैं. हालांकि DUSU चुनाव में सभी कॉलेज मतदान नहीं करते. छात्र संघ चुनाव में 52 कॉलेज और फैकल्टी सीधे तौर पर हिस्सा लेते हैं. सेंट स्टीफंस, लेडी श्री राम और जीसस एंड मैरी जैसे कुछ प्रमुख कॉलेज DUSU चुनाव का हिस्सा नहीं हैं.
DUSU के अध्यक्ष रह चुके चर्चित नेताओं में अरुण जेटली, विजय गोयल, अजय माकन और अलका लांबा के नाम शामिल हैं.
