दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने चार में से तीन केंद्रीय पद जीत लिए. ABVP के यश दबास अध्यक्ष, रिया छावड़ी सचिव और लक्ष्य राज सिंह संयुक्त सचिव चुने गए.

उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शोकीन ने जीत दर्ज की. शोकीन पूर्व में NSUI से जुड़े रहे हैं. उन्होंने 30,615 वोट हासिल किए, जबकि ABVP के ईशु मौर्य को 16,910 और NSUI के वीर छत्रथ को 4,313 वोट मिले.

अध्यक्ष पद पर यश दबास को 24,576 वोट मिले. उन्होंने NSUI के विजय शंकर मीणा को हराया, जिन्हें 22,523 वोट मिले. सचिव पद पर रिया छावड़ी ने 21,650 वोट हासिल किए, जबकि संयुक्त सचिव पद ABVP के लक्ष्य राज सिंह ने 16,615 वोटों के साथ जीता.

नतीजों के बाद BJP नेताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया छात्र संपर्क अभियान ‘छात्रों की गूंज’ पर राजनीतिक तंज किया. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि उन्हें ‘गूंज’ सुनाई नहीं दी, लेकिन ‘धमाका’ जरूर सुनाई दिया.

परिसर में जीत के जुलूस को लेकर विश्वविद्यालय अधिकारियों ने दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए विजयी उम्मीदवारों और समर्थकों से रैली नहीं निकालने को कहा था.