पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने न्यायपालिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल को लेकर कहा है कि तकनीक अदालतों के रोजमर्रा और दोहराव वाले काम संभाल सकती है, लेकिन फैसला, उसकी वजह और उस पर हस्ताक्षर जज की जिम्मेदारी ही रहने चाहिए. उन्होंने ये बातें नई दिल्ली में आयोजित ‘AI फॉर ऑल: AI गवर्नेंस एंड ट्रस्ट, द केस फॉर जुडिशियल एक्सेस एंड एनपावर्ड इंडिया’ कार्यक्रम में कहीं.

चंद्रचूड़ के मुताबिक AI का इस्तेमाल ट्रांसक्रिप्शन, अनुवाद, मामलों की सूची बनाने, केस मैनेजमेंट, कानूनी रिसर्च और दाखिल दस्तावेजों की कमियां पहचानने में किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि अदालतों का काफी समय ऐसे कामों में चला जाता है, जबकि जजों का मुख्य ध्यान समय पर और उचित फैसला देने पर होना चाहिए.

फर्जी कानूनी हवाले और मानवीय जांच

पूर्व CJI ने AI से तैयार फर्जी कानूनी हवाले सामने आने के दो मामलों का उल्लेख किया. एक मामले में ट्रायल कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के ऐसे चार फैसलों पर भरोसा किया, जो अस्तित्व में ही नहीं थे. दूसरे मामले में सुप्रीम कोर्ट के वास्तविक फैसलों में ऐसे पैराग्राफ जोड़ दिए गए थे, जो मूल फैसलों का हिस्सा नहीं थे.

उन्होंने कहा कि हर मशीन-निर्मित साइटेशन और अनुवाद की इंसानी जांच जरूरी है. AI के इस्तेमाल का रिकॉर्ड भी रखा जाना चाहिए, ताकि गलती होने पर उसकी पहचान और जवाबदेही तय की जा सके.

प्रस्तावित नियमों में किन कामों पर रोक

चंद्रचूड़ ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की AI कमेटी ने 3 जून को अदालतों में AI के इस्तेमाल के लिए ड्राफ्ट नियम जारी किए थे. प्रस्तावित नियम सुप्रीम कोर्ट, ट्रायल कोर्ट और ट्रिब्यूनल पर लागू करने के लिए बनाए गए हैं. इनमें मानव प्राथमिकता, पारदर्शिता, जवाबदेही, डेटा सुरक्षा और न्यायिक स्वतंत्रता को आधार बनाया गया है.

इन नियमों के तहत जमानत जोखिम का आकलन करने या गवाह की विश्वसनीयता तय करने के लिए AI के इस्तेमाल पर रोक का प्रस्ताव है. अदालतों को इस्तेमाल किए जाने वाले प्रत्येक AI टूल का रजिस्टर रखने और गड़बड़ियों का डेटाबेस बनाने की बात भी कही गई है. दलीलों में AI का इस्तेमाल करने वाले पक्षों को इसकी जानकारी देनी होगी.

लंबित मामलों के बीच तकनीक की जरूरत

चंद्रचूड़ ने लंबित मामलों और जजों की कमी के बीच तकनीकी मदद की जरूरत बताई. उनके अनुसार देश की अदालतों में करीब 5.64 करोड़ मामले लंबित हैं और प्रति 10 लाख आबादी पर लगभग 15 जज हैं, जबकि 1987 में लॉ कमीशन ने 50 जजों की सिफारिश की थी. उन्होंने बताया कि जिला अदालत का एक जज औसतन करीब 2,200 मामले संभालता है.

उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के अनुवाद टूल ‘सुवास’ का भी उल्लेख किया, जो 18 भारतीय भाषाओं में फैसलों का अनुवाद कर चुका है. उनके अनुसार केरल की सभी ट्रायल कोर्ट में 1 नवंबर 2025 से गवाहों के बयान दर्ज करने के लिए स्पीच-टू-टेक्स्ट तकनीक का इस्तेमाल हो रहा है. IIT मद्रास के साथ दाखिल अर्जियों और दस्तावेजों की कमियां पहचानने वाले टूल का परीक्षण भी किया जा रहा है.