राजमा-चावल पसंद करने वालों के लिए ऐसी रेसिपी उपयोगी हो सकती है, जिसमें प्याज-टमाटर की अलग ग्रेवी तैयार करने या मसाले भूनने की जरूरत नहीं पड़ती. इस तरीके में सभी सामग्री सीधे प्रेशर कुकर में डालकर पकाई जाती है.

सामग्री

इस रेसिपी के लिए 250 ग्राम राजमा रातभर भिगोया हुआ, 3 कप पानी, 3-4 चम्मच देसी घी, 3 मोटे कटे प्याज, 4 हल्के चीरे लगे टमाटर, 10 लहसुन की कलियां, 3 इंच कद्दूकस किया हुआ अदरक और 2-3 हरी मिर्च चाहिए.

खड़े मसालों में 1 छोटा चम्मच जीरा, 1 बड़ी इलायची, 1 तेजपत्ता, 2-3 हरी इलायची, 2-3 लौंग और 2 इंच दालचीनी लें. इसके अलावा 2 छोटे चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, 2 छोटे चम्मच धनिया पाउडर, एक-चौथाई छोटा चम्मच हल्दी, एक-चौथाई छोटा चम्मच गरम मसाला और स्वादानुसार नमक डालें. अंत में भुनी कसूरी मेथी, कटा हरा धनिया और 1 चम्मच देसी घी इस्तेमाल करें.

बनाने का तरीका

भीगे हुए राजमा को धोकर कुकर में डालें. इसमें प्याज, चीरा लगे टमाटर, लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, सभी खड़े मसाले, पिसे मसाले, नमक, देसी घी और पानी डालकर मिला दें. कुकर बंद करके मध्यम आंच पर करीब 4-5 सीटी आने तक पकाएं. इसके बाद गैस बंद कर दें और प्रेशर अपने आप निकलने दें.

प्रेशर पूरी तरह निकलने पर ढक्कन खोलें. टमाटरों को निकालकर उनके छिलके हटाएं, फिर उन्हें मैश करके वापस कुकर में मिला दें. अब कुकर को बिना ढक्कन के मध्यम आंच पर 10-15 मिनट पकाएं, ताकि ग्रेवी गाढ़ी हो जाए. आखिर में कसूरी मेथी, हरा धनिया और एक चम्मच देसी घी मिलाएं. इसे जीरा राइस के साथ परोसा जा सकता है.