नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने दिल्ली समेत छह राज्यों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की समयसीमा बढ़ा दी है. संशोधित कार्यक्रम दिल्ली, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, तेलंगाना और नगालैंड पर लागू होगा.
आयोग के नए कार्यक्रम के अनुसार, दिल्ली में मतदाताओं को दावे और आपत्तियां दाखिल करने के लिए अब 25 नवंबर 2026 तक का समय मिलेगा. दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी.
महाराष्ट्र में दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तारीख 13 नवंबर कर दी गई है. महाराष्ट्र समेत आंध्र प्रदेश, हरियाणा, तेलंगाना और नगालैंड में अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जानी है.
SIR के तहत मतदाता सूची में नाम, पते और अन्य विवरणों का सत्यापन किया जाता है. आयोग के इस फैसले से उन मतदाताओं को अतिरिक्त समय मिलेगा, जिन्हें प्रारूप सूची में अपने नाम या विवरण को लेकर दावा अथवा आपत्ति दर्ज करनी है. मतदाताओं से संबंधित राज्य के चुनाव कार्यालय के माध्यम से संशोधित कार्यक्रम के अनुसार आवेदन करने को कहा गया है.
