निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पूरा कर चुके या प्रक्रिया में शामिल सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में छूटे हुए पात्र मतदाताओं को फिर से सूची में शामिल करने के निर्देश दिए हैं. आयोग ने इस पूरी कवायद को लगभग एक महीने में पूरा करने को कहा है.

आयोग के पत्र के अनुसार, बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को pre-SIR मतदाता सूची और मौजूदा सूची का मिलान करना होगा. इसके आधार पर उन मतदाताओं की अलग सूची तैयार की जाएगी, जिनके नाम पहले की सूची में थे, लेकिन वर्तमान सूची में शामिल नहीं हैं.

इसके बाद BLO इन मतदाताओं के घर-घर जाकर उनकी मौजूदा स्थिति की जानकारी लेंगे. यदि संबंधित व्यक्ति पात्र पाया जाता है, तो उसका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए Form 6 भरवाया जाएगा. BLO को सूची में प्रत्येक मतदाता की वर्तमान स्थिति दर्ज करने और जिन लोगों के Form 6 भरे गए हैं, उनका भी उल्लेख करने को कहा गया है.

आयोग ने सुझाव दिया है कि BLO हर सप्ताह कम से कम 20 से 25 मतदाताओं को कवर करें, ताकि प्रक्रिया करीब एक महीने में पूरी हो सके. तैयार सूची, भरे गए Form 6 और क्षेत्रीय सत्यापन रिपोर्ट निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ERO) तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) के साथ साझा की जाएगी.

मतदाता पंजीकरण को आसान बनाने के लिए बूथ लेवल कैंप भी लगाए जाएंगे. रात के आश्रयों, श्रमिक बस्तियों, बेघर लोगों और अन्य वंचित वर्गों के लिए विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया गया है.

आयोग के अनुसार, SIR पूरा कर चुके राज्यों में अब तक करीब 13.3 करोड़ नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं. आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदाता पंजीकरण लगातार चलने वाली प्रक्रिया है और जिसका नाम सूची में नहीं है या हट गया है, वह किसी भी समय नामांकन के लिए आवेदन कर सकता है.