प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पर्सनल असिस्टेंट चंदन सिंह जीना से जुड़े ठिकाने पर छापेमारी की है. एजेंसी के मुताबिक, यह कार्रवाई 2016 की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई. तलाशी देहरादून में कई स्थानों पर हुई.
ED ने दावा किया कि चंदन सिंह जीना के आवास से 32 लाख रुपये की बेहिसाबी नकदी, करीब 200.5 ग्राम सोने के सिक्के और चेन बरामद किए गए. एजेंसी के अनुसार, वहां से 12 लग्जरी कलाई घड़ियां भी मिलीं. इनमें Rolex, Rado, Piaget, Movado, Tissot और Casio Edifice ब्रांड की घड़ियां शामिल हैं.
चंदन सिंह जीना फिलहाल हरीश रावत के पर्सनल असिस्टेंट के तौर पर काम कर रहे हैं. इससे पहले वह 2014 से 2017 के बीच रावत के मुख्यमंत्री कार्यकाल में OSD पद पर रह चुके हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के बाद जीना या हरीश रावत की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई.
बैंक खातों की रकम फ्रीज
ED ने बताया कि चंदन सिंह जीना और उनके परिवार के सदस्यों के बैंक खातों में मौजूद 52.16 लाख रुपये फ्रीज किए गए हैं. एजेंसी ने उनका मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसकी फोरेंसिक जांच की जाएगी. ED का कहना है कि जांच के दौरान बड़ी रकम के नकद खर्च की जानकारी मिली, लेकिन उसके स्रोत का स्पष्ट विवरण सामने नहीं आया. एजेंसी इन रकम और खर्चों को उनकी ज्ञात आय से मेल नहीं खाने वाला बता रही है.
मनी लॉन्ड्रिंग जांच उत्तराखंड पुलिस और विजिलेंस ब्यूरो की चार FIR से शुरू हुई. ये FIR UKSSSC की ओर से आयोजित 2016 की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़ी हैं.
ED के मुताबिक, जांच में आरोप सामने आया कि UKSSSC की सुरक्षित कस्टडी में रखी OMR शीट को तत्कालीन सचिव के निजी आवास तक ले जाया गया. वहां कथित तौर पर उन शीट के रोल नंबर नोट किए गए, जिनमें उत्तर वाले हिस्से पूरी तरह भरे नहीं थे. इसके बाद ये रोल नंबर निजी कंप्यूटर एजेंसी के कर्मचारियों को दिए गए और कथित रूप से OMR शीट में बदलाव किए गए.
एजेंसी ने तत्कालीन UKSSSC चेयरमैन, सचिव और परीक्षा नियंत्रक से जुड़े परिसरों, OMR प्रोसेसिंग करने वाली निजी कंप्यूटर एजेंसी के मालिक तथा कथित बिचौलियों के ठिकानों पर भी तलाशी ली. ED का कहना है कि कुछ पूर्व अधिकारियों और उनसे जुड़े लोगों के यहां से भी बेहिसाबी नकदी और सोने के आभूषण मिले हैं. इन दावों की जांच जारी है.
