प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कथित बोगस CSR डोनेशन रैकेट से जुड़े मामले में महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल और दिल्ली-NCR में 8 ठिकानों पर तलाशी ली. यह कार्रवाई 1 अक्टूबर 2026 को PMLA के तहत की गई. ED की मुंबई जोनल इकाई इस मामले की जांच कर रही है.
एजेंसी के अनुसार, मामले में करीब ₹2,200 करोड़ के कथित घोटाले की जांच की जा रही है. जांच में धर्मेंद्र कुमार चंद्रदेव सिंह का नाम सामने आया है. ED का आरोप है कि सिंह के पास मान्य मेडिकल योग्यता या मेडिकल काउंसिल का रजिस्ट्रेशन नहीं था और उन्होंने केवल 12वीं तक पढ़ाई की थी, फिर भी करीब तीन दशकों तक खुद को डॉक्टर के रूप में पेश किया.
40 से अधिक PSU से CSR फंड लेने का आरोप
जांच के मुताबिक, स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी CSR गतिविधियों के नाम पर कई चैरिटेबल ट्रस्ट और संस्थाओं का नेटवर्क बनाया गया. इन संस्थाओं के जरिये 40 से अधिक सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों और सरकारी क्षेत्र के बैंकों से फंड हासिल किए जाने का आरोप है.
ED के अनुसार, अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों के लिए महंगे मेडिकल उपकरण खरीदने के नाम पर फंड लिया जाता था. कई परियोजनाएं कथित तौर पर अधूरी रहीं या शुरू ही नहीं हुईं. एजेंसी को आशंका है कि सप्लायर के बिलों में रकम बढ़ाकर दिखाई गई और अतिरिक्त धनराशि शेल या फर्जी कंपनियों के जरिये स्थानांतरित की गई.
जांच में CSR एजेंटों और बिचौलियों के ऐसे नेटवर्क का भी पता चलने का दावा किया गया है, जो कथित तौर पर शेल कंपनियों के माध्यम से लेखाबद्ध धन को नकदी में बदलते थे. ED ने तलाशी के दौरान ₹21 लाख नकद, आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं. यह मामला जुहू पुलिस थाने में दर्ज FIR के आधार पर ED की जांच में आया. मामले में आगे की जांच जारी है.
