केंद्र सरकार ने खाद्य तेलों पर बेसिक कस्टम ड्यूटी घटा दी है. नए शुल्क 24 सितंबर से लागू होंगे. सरकार के इस फैसले से सोया, पाम और सूरजमुखी तेल की आयात लागत कम होने तथा आने वाले समय में कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद है.
कच्चे सोया तेल और कच्चे पाम तेल पर कस्टम ड्यूटी 10% से घटाकर 5% कर दी गई है. वहीं, रिफाइंड सोया तेल और रिफाइंड पाम तेल पर शुल्क 32.5% से घटाकर 27.5% किया गया है.
कच्चे सूरजमुखी तेल पर ड्यूटी 10% से घटाकर शून्य कर दी गई है. इसके अलावा, रिफाइंड सूरजमुखी तेल पर कस्टम ड्यूटी 32.5% से घटाकर 22.5% की गई है.
ग्राहकों को राहत कितनी मिलेगी
शुल्क घटने से आयातकों की लागत कम हो सकती है, लेकिन इसका पूरा लाभ खुदरा ग्राहकों तक कितनी जल्दी और कितनी मात्रा में पहुंचेगा, यह सप्लाई चेन पर निर्भर करेगा. इसलिए बाजार में कीमतों में तत्काल या समान अनुपात में कमी आना जरूरी नहीं है.
भारत में पाम तेल का इस्तेमाल कम कीमत के कारण बाहर के खाने, नमकीन, बिस्किट और ढाबों में बड़े पैमाने पर होता है. सोया तेल घरेलू रसोई में रोजमर्रा के भोजन के लिए लोकप्रिय है.
सूरजमुखी तेल को शहरी घरों में हल्का और आसानी से पचने वाला विकल्प माना जाता है. मंगफली तेल का इस्तेमाल खासकर गुजरात और दक्षिण भारत में होता है और यह पकौड़े तथा डीप-फ्राइंग जैसी तैयारियों में उपयोग किया जाता है. सरसों तेल उत्तर और पूर्वी भारत में व्यापक रूप से इस्तेमाल होता है.
