देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर फिर शुरू होने के बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में यलो अलर्ट जारी किया है. चेतावनी बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम, पूर्वी राजस्थान, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल के लिए बताई गई है.
राजस्थान में गुरुवार को जयपुर, सीकर और अजमेर समेत कई जिलों में बारिश हुई. बूंदी में खेतों में कटी पड़ी उड़द और सोयाबीन की फसलें भीग गईं. मध्य प्रदेश के 32 जिलों में भी पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई से पहले बारिश का एक और दौर आ सकता है.
सिक्किम में भूस्खलन से 28 घर खतरे में
सिक्किम के ग्यालशिंग जिले के रिम्बी क्षेत्र में भारी बारिश के बाद भूस्खलन हुआ. इसके चलते 28 घरों पर खतरा बताया गया है. प्रशासन ने 128 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है.
कर्नाटक में 124 तालुक सूखाग्रस्त
कर्नाटक सरकार ने 23 और तालुकों को सूखाग्रस्त घोषित किया है. इसके बाद राज्य में सूखाग्रस्त घोषित तालुकों की कुल संख्या 124 हो गई. रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में सूखे जैसे हालात बने हुए हैं.
