गुजरात के एकतानगर में 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह की तैयारियों को लेकर 9 सितंबर को उच्चस्तरीय बैठक हुई. बैठक में राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल, सुरक्षा, परिवहन, वीवीआईपी सुविधाओं और पुरस्कार विजेताओं व आमंत्रित मेहमानों की व्यवस्था की समीक्षा की गई.

समारोह 22 से 26 सितंबर के बीच स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास आयोजित किया जाना प्रस्तावित है. आयोजकों के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समारोह में शामिल होंगी. वर्ष 1954 में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार शुरू होने के बाद पहली बार इसका आयोजन नई दिल्ली से बाहर किए जाने की जानकारी दी गई है.

मंत्रालय और जिला प्रशासन के अधिकारी शामिल

बैठक की अध्यक्षता भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अपर सचिव प्रभात ने की. इसमें मंत्रालय के संयुक्त सचिव के.के. निराला और डॉ. अजय नागभूषण, नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NFDC) के वरिष्ठ अधिकारी, नर्मदा की जिला कलेक्टर गंगा सिंह, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित अरोड़ा और जिला पुलिस अधीक्षक विशाखा डबराल मौजूद रहे.

दूरदर्शन और आकाशवाणी के अधिकारियों के साथ जिला प्रशासन तथा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया. अधिकारियों ने आयोजन को सुचारु रूप से कराने के लिए विभागों के बीच समन्वय और जरूरी व्यवस्थाओं पर चर्चा की.

आयोजन स्थल का निरीक्षण

बैठक के बाद अधिकारियों ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी बस-बे के पास समारोह के लिए तय किए गए स्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं, मेहमानों के आने-जाने, प्रोटोकॉल और सुरक्षा से जुड़े प्रबंधों की मौके पर समीक्षा की गई.

अधिकारियों ने कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों के साथ स्थल पर ही आवश्यक तैयारियों और संभावित संचालन व्यवस्था पर चर्चा की. समारोह के लिए पुरस्कार विजेताओं, आमंत्रित मेहमानों और वीवीआईपी आगंतुकों की सुविधाओं को भी समीक्षा का हिस्सा बनाया गया.