निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में पहुंचे 240 विपक्षी सांसदों से पार्लियामेंट हाउस एनेक्सी में मुलाकात करने से इनकार कर दिया. आयोग ने कहा कि उसकी तय प्रक्रिया के तहत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिमंडल से बैठक उसके अपने परिसर में और संबंधित दलों के अधिकृत प्रतिनिधि के अनुरोध पर होती है.

आयोग के बयान के अनुसार, दिल्ली पुलिस के जरिए उसे जानकारी मिली थी कि सांसद आयोग से मिलकर ज्ञापन सौंपना चाहते हैं. हालांकि, आयोग ने इस अनुरोध को असामान्य बताते हुए प्रस्तावित स्थल पर बैठक करने से इनकार कर दिया. आयोग का कहना है कि राजनीतिक दलों के साथ बैठक के लिए पहले अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से समय मांगा जाता है और इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से तारीख व समय तय होता है.

आयोग ने वैकल्पिक तौर पर अपने सबसे वरिष्ठ ड्यूटी अधिकारी को पार्लियामेंट हाउस एनेक्सी भेजकर ज्ञापन लेने का प्रस्ताव दिया. आयोग के प्रवक्ता के अनुसार, यह कदम भी सामान्य प्रक्रिया से अलग और अभूतपूर्व होता. हालांकि, सांसदों ने यह प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया.

निर्वाचन आयोग ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल को बैठक का अनुरोध करने का अधिकार है और ऐसा अनुरोध मिलने पर वह तारीख व समय तय करता है. साथ ही, आयोग ने संसदीय और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के सम्मान के साथ अपनी संस्थागत प्रक्रियाओं और परंपराओं को बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया.

आयोग के मुताबिक, शाम चार बजे तक किसी भी राजनीतिक दल ने अपने प्रतिनिधियों के जरिए बैठक के लिए औपचारिक अनुरोध नहीं किया था. इसके बाद पुलिस के उप पुलिस आयुक्त से उसे सांसदों के प्रतिनिधिमंडल के बारे में जानकारी मिली. आयोग ने कहा कि राजनीतिक दलों के साथ बैठकों की प्रक्रिया 2025 में निर्धारित की गई थी और वह नियमित रूप से इसी के अनुसार काम करता है.