निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव आचार संहिता केवल मौजूदा सरकारी कर्मचारियों पर ही नहीं, बल्कि सरकार से जुड़े या दोबारा नियुक्त किए गए सेवानिवृत्त अधिकारियों पर भी लागू होगी. ऐसे अधिकारियों को चुनाव प्रचार और राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहना होगा.

आयोग ने यह निर्देश गोवा, मणिपुर, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्य सचिवों तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को 9 नवंबर को भेजे पत्र में दिए हैं. निर्देश उन क्षेत्रों में प्रभावी होंगे, जहां चुनाव घोषित हो चुके हैं और आचार संहिता लागू है.

चुनाव अधिकारियों के साथ बैठक पर रोक

आयोग के अनुसार, दोबारा नियुक्त या सरकार से जुड़े सेवानिवृत्त अधिकारी किसी विधानसभा क्षेत्र या जिले के चुनाव से संबंधित अधिकारियों को आधिकारिक चर्चा या बैठक के लिए नहीं बुला सकेंगे. उनके साथ बैठक और वीडियो कॉन्फ्रेंस करने पर भी रोक रहेगी.

निर्देशों के मुताबिक, ऐसे अधिकारी अपने नाम, सरकारी पद या अधिकार का इस्तेमाल किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति के पक्ष में नहीं कर सकते. आयोग ने राज्यों से इन नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है. उल्लंघन से जुड़ी किसी कार्रवाई या लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा.

आयोग ने यह कदम सरकारी पद के कथित दुरुपयोग से जुड़ी शिकायतों के बाद उठाया है. शिकायतों में आरोप था कि अलग-अलग भूमिकाओं में राज्य सरकारों से जुड़े कुछ सेवानिवृत्त अधिकारी चुनाव के दौरान सरकारी अधिकारियों की बैठकें बुलाते हैं.

निर्देश में सरकारी धन से पूरी तरह या आंशिक रूप से चलने वाली संस्थाओं, समितियों, निगमों और आयोगों को भी आचार संहिता के दायरे में दोहराया गया है. ऐसी संस्थाएं चुनाव के दौरान किसी राजनीतिक दल का प्रचार नहीं कर सकतीं.