निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र, दिल्ली, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, तेलंगाना और नगालैंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की समयसीमा में बदलाव किया है. आयोग ने संबंधित राज्यों और दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के अनुरोध के बाद अलग-अलग पत्र जारी कर संशोधित कार्यक्रम की जानकारी दी.
SIR के तीसरे चरण में 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 36.73 करोड़ मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा है. संशोधित कार्यक्रम के तहत दिल्ली में दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर से बढ़ाकर 25 नवंबर कर दी गई है. इनके निपटारे की समयसीमा 30 नवंबर से बढ़ाकर 15 दिसंबर की गई है. दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को प्रकाशित होगी.
महाराष्ट्र में दावे और आपत्तियां दाखिल करने की तारीख 26 अक्टूबर से बढ़ाकर 13 नवंबर कर दी गई है. नोटिस जारी करने और दावों के निपटारे की प्रक्रिया 25 नवंबर तक चलेगी. राज्य की अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को जारी की जाएगी. महाराष्ट्र में मसौदा सूची 31 अगस्त को प्रकाशित हुई थी.
आंध्र प्रदेश और हरियाणा में नोटिस तथा दावों के निपटारे की प्रक्रिया 20 नवंबर तक चलेगी. नगालैंड में यह अवधि 25 नवंबर और तेलंगाना में 26 नवंबर तक रहेगी. इन चारों राज्यों में अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी.
तीसरे चरण के बाद तीन क्षेत्र बाकी रहेंगे
तीसरे चरण के पूरा होने के बाद हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर देश में SIR प्रक्रिया पूरी हो जाएगी. इन तीनों क्षेत्रों के लिए खराब मौसम और जनगणना से जुड़े कारणों के चलते कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा.
आयोग के अनुसार, पहले दो चरणों में करीब 59 करोड़ मतदाताओं को कवर किया गया. इस प्रक्रिया में 6.3 लाख बूथ लेवल ऑफिसर और 9.2 लाख बूथ लेवल एजेंट शामिल हुए. देश में करीब 21 साल बाद इतने व्यापक स्तर पर मतदाता सूची का पुनरीक्षण हो रहा है. इससे पहले ऐसा अभियान 2002 से 2004 के बीच हुआ था.
