फरीदाबाद में 27 अगस्त की रात हुए हिट-एंड-रन मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. मृतक लक्ष्मी नारायण झंवर के बेटे अमित ने जांच की गति और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए दोषियों की पहचान की मांग की है.
पुलिस FIR के मुताबिक, झंवर मंदिर से घर लौट रहे थे. रात करीब 8:35 बजे घर से लगभग 100 मीटर पहले एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मारी और चालक मौके से फरार हो गया. बाद में उनकी बेटी की शिकायत पर 28 अगस्त को सूरजकुंड थाने में FIR दर्ज की गई. इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 और 281 लगाई गई हैं.
अमित ने कहा है कि इलाके में लगे CCTV कैमरों से कार और उसमें सवार लोगों की पहचान में मदद मिल सकती है. उन्होंने चालक के फोन इस्तेमाल करने या शराब के नशे में होने की भी जांच की मांग की है.
पुलिस के अनुसार, मेवला महाराजपुर निवासी ब्रिजेश को 3 सितंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया था. पुलिस ने संबंधित वाहन जब्त कर लिया है और CCTV समेत अन्य सबूतों के आधार पर जांच जारी है.
