हरियाणा के फरीदाबाद में गोपाल नाम के व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी काजल और योगेंद्र नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच कथित संबंधों को लेकर गोपाल और काजल के बीच विवाद चल रहा था. मामले में दोनों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है.

पुलिस का कहना है कि 14-15 अक्टूबर की रात गोपाल घर में सो रहा था. इसी दौरान काजल ने सब्जी काटने वाले चाकू से उसकी गर्दन पर कई वार किए. पुलिस के मुताबिक, घटना के समय गोपाल ने शराब पी रखी थी. हत्या के बाद घर में बदमाशों के घुसने और गोपाल के साथ मारपीट करने की कहानी बताई गई थी. पूछताछ के दौरान पुलिस ने काजल की भूमिका सामने आने का दावा किया है.

विवाद की पृष्ठभूमि

पुलिस के मुताबिक, काजल ने करीब 16 साल पहले अपने पहले पति को छोड़कर गोपाल से कोर्ट मैरिज की थी. पहली शादी से उसकी एक बेटी थी. गोपाल और काजल के बाद में दो बेटे और एक बेटी हुए. गोपाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले का रहने वाला था और करीब 20 वर्षों से फरीदाबाद की एक कंपनी में मशीन ऑपरेटर के तौर पर काम कर रहा था.

जांच के अनुसार, लगभग तीन साल पहले गोपाल के गांव वाले मकान के पास रहने वाले योगेंद्र का परिवार में आना-जाना बढ़ा. योगेंद्र और गोपाल पहले दोस्त थे, लेकिन उसके बाद उसके घर आने को लेकर दंपती के बीच विवाद होने लगा. पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के बीच हत्या की साजिश रची गई.

13 अक्टूबर को काजल बच्चों के साथ फरीदाबाद आई थी और अगले दिन योगेंद्र को भी बुलाया गया. गोपाल के भाई अशोक ने उसकी बेटी पर भी संदेह जताया था, लेकिन पुलिस के अनुसार अब तक की जांच में उसकी संलिप्तता सामने नहीं आई है. मामले की जांच जारी है.