फरीदाबाद के सेक्टर-56 स्थित आशियाना फ्लैट्स में रविवार शाम खेलते समय हुए विवाद में 13 वर्षीय बच्चे की चाकू लगने से मौत हो गई. परिवार के अनुसार, 15 वर्षीय किशोर ने कथित तौर पर कन्नू की छाती में चाकू मारा. घटना के बाद किशोर मौके से फरार हो गया.
परिजनों ने बताया कि कन्नू शाम करीब सात बजे ब्लॉक नंबर-14 के बाहर अपनी एक वर्षीय बहन के साथ खेल रहा था. इसी दौरान ब्लॉक नंबर-13 में रहने वाला किशोर वहां आया और दोनों साथ खेलने लगे. खेलते समय दोनों के बीच धक्का-मुक्की और कहासुनी हुई, जिसके बाद चाकूबाजी की घटना हुई.
परिवार के मुताबिक, दोनों बच्चों के बीच पहले से परिचय था और आरोपी किशोर अक्सर वहां खेलने आता था. घटना के बाद पड़ोसियों ने कन्नू के परिजनों को फोन कर जानकारी दी. परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
कन्नू के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखा गया है. परिवार ने बताया कि कन्नू के पिता यामिन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले हैं और भंगार की लारी चलाते हैं. परिवार करीब पांच वर्ष पहले सेक्टर-56 में आकर रहने लगा था.
सेक्टर-58 थाने के प्रभारी के मुताबिक, पुलिस को परिवार की शिकायत मिल गई है. उन्होंने बताया कि बच्चे की मौत छाती में चाकू लगने से हुई है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी. आरोपी किशोर के खिलाफ कार्रवाई और घटना के पूरे कारण की जांच जारी है.
