हरियाणा के फरीदाबाद में टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना सेक्टर-21C स्थित बिल्डिंग नंबर 641 की पार्किंग में हुई. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में करीब 15 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है और परमजीत को नौ गोलियां लगीं. उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस का कहना है कि वारदात के पीछे पार्किंग को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है. परमजीत शुक्रवार रात करीब आठ बजे जिम से लौटे थे. उस समय उनकी निर्धारित पार्किंग जगह पर पड़ोसी मोनू शर्मा की कार खड़ी थी. कार हटाने को लेकर दोनों के बीच बहस हुई. आरोप है कि इसके बाद मोनू लाइसेंसी पिस्तौल लेकर आया और परमजीत पर गोली चला दी.
परमजीत पहली मंजिल पर अपने परिवार के साथ रहते थे, जबकि आरोपी मोनू का परिवार उसी इमारत की तीसरी मंजिल पर रहता है. पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था. विवाद की एक वजह मोनू के बेटे द्वारा पार्किंग में कुत्ते को शौच कराने को लेकर आपत्ति भी बताई गई है. इस मुद्दे पर परमजीत के बेटे और मोनू के बीच कुछ दिन पहले झड़प होने की जानकारी पुलिस ने दी है.
सूरजकुंड पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक साइंस टीम ने घटनास्थल की जांच की. वहां से कारतूसों के कुछ खोखे बरामद किए गए हैं और परिसर को सील कर दिया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखा गया है.
पुलिस के अनुसार, परमजीत सिंगापुर में रहते थे और 5 नवंबर को अपने भांजे की 24 नवंबर को होने वाली शादी में शामिल होने के लिए लौटे थे. आरोपी और उसके परिवार के फरार होने की बात कही गई है. पुलिस पुराने विवादों समेत पूरे मामले की जांच कर रही है.
