नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला की जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान को लेकर की गई टिप्पणी पर BJP ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. BJP नेताओं ने बयान को देशविरोधी और पाकिस्तान समर्थक बताते हुए उनके खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की है.
फारूक अब्दुल्ला ने शनिवार को बारामुल्ला में पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार की नीयत कश्मीरियों के प्रति सही नहीं है. उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कश्मीर मुद्दा उठाकर कश्मीरियों की आवाज को दुनिया तक पहुंचा रहा है.
BJP प्रवक्ता आरपी सिंह ने अब्दुल्ला से पाकिस्तान के कब्जे वाले हिस्से में कश्मीरियों की स्थिति देखने को कहा. उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर के भारत में पूर्ण एकीकरण और पर्यटन बढ़ने का दावा किया.
BJP नेता यामिनी शर्मा ने आरोप लगाया कि अब्दुल्ला पाकिस्तान का नैरेटिव दोहरा रहे हैं. विधायक युधवीर सेठी ने टिप्पणी को राजद्रोह के दायरे में बताते हुए अब्दुल्ला से माफी मांगने की मांग की. अब तक उमर अब्दुल्ला की ओर से इस बयान पर प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
