सड़क परिवहन मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर बैरियर-लेस या मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोल प्लाजा से शुल्क बचाने के लिए नंबर प्लेट छिपाने या उसमें छेड़छाड़ करने वाले वाहन मालिकों पर सख्ती के निर्देश दिए हैं. ऐसे मामलों में लागू टोल शुल्क का छह गुना तक जुर्माना लगाया जा सकेगा.

मंत्रालय ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को इस व्यवस्था का पायलट आधार पर क्रियान्वयन शुरू करने और वाहन चालकों के बीच जागरूकता अभियान चलाने को कहा है. यह कदम उन मामलों को रोकने के लिए है, जिनमें वाहन की पंजीकरण संख्या जानबूझकर ढक दी जाती है या बदल दी जाती है और FASTag भी पहचान में नहीं आता.

Vahan और कैमरा डेटा से होगी पहचान

निर्देशों के मुताबिक NHAI ऐसे वाहनों की पहचान के लिए Vahan डेटाबेस और आसपास के टोल प्लाजा से मिलने वाली अतिरिक्त जानकारी का इस्तेमाल करने की व्यवस्था बनाएगा. मंत्रालय ने Vahan में उपलब्ध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUCC) की तस्वीरों की तुलना MLFF कैमरों से मिले वाहन चित्रों के साथ करने की संभावना तलाशने को भी कहा है.

MLFF व्यवस्था में टोल बूथ और अवरोधक नहीं होते. ओवरहेड गैन्ट्री पर लगे FASTag रीडर और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे वाहन की पहचान कर लागू शुल्क स्वतः काटने में मदद करते हैं.

मंत्रालय के अनुसार, जुर्माना तभी लगाया जाएगा जब यह स्थापित हो कि नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ जानबूझकर टोल भुगतान से बचने के लिए की गई थी. टोल संचालक वसूली गई जुर्माना राशि NHAI को हस्तांतरित करेंगे.