विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान उच्चायोग के चार्ज द अफेयर्स को तलब कर पंजाब के फिरोजपुर सेक्टर में 2 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हुई घटना को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है. भारत ने पाकिस्तानी पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद और खास मकसद से प्रेरित बताया.

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, घटना के दौरान पाकिस्तान की तरफ से तीन लोग भारतीय सीमा में दाखिल हुए थे. सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने उन्हें कई बार चेतावनी देकर वापस लौटने को कहा, लेकिन वे नहीं रुके और सीमा पर लगी बाड़ की ओर बढ़ते रहे. भारत के अनुसार, स्थिति को देखते हुए बीएसएफ को कार्रवाई करनी पड़ी, क्योंकि ये लोग सुरक्षा के लिए तत्काल खतरा बन चुके थे.

पाकिस्तान से जांच और नियंत्रण की मांग

भारत ने पाकिस्तानी पक्ष को घटना की पूरी जानकारी देते हुए कहा कि यह कोई अकेली घटना नहीं है. भारतीय पक्ष का आरोप है कि पाकिस्तान से संचालित हथियारबंद नशा तस्करों के गिरोह बार-बार सीमा पार करने की कोशिश करते हैं. विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान सरकार से इन घुसपैठ और नशा तस्करी की घटनाओं की जांच कराने को कहा है.

भारत ने पाकिस्तान के सीमा सुरक्षा बलों की संभावित मिलीभगत की भी जांच और जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की. साथ ही, अंतरराष्ट्रीय सीमा की पवित्रता का सम्मान करने तथा दोनों देशों के बीच हुए समझौतों और व्यवस्थाओं का सख्ती से पालन करने को कहा गया.

भारत ने पाकिस्तान से अपने बलों को ऐसी अनधिकृत आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी नियंत्रण के निर्देश देने और भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकने के उपाय करने का आग्रह किया है.