फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) और EY की रिपोर्ट ने भारत में वायु प्रदूषण के बढ़ते स्वास्थ्य और आर्थिक असर पर गंभीर चिंता जताई है. ‘Clean Air, Healthy India’ रिपोर्ट के अनुसार प्रदूषण से भारतीय कारोबारों को हर साल करीब 95 अरब डॉलर का नुकसान होता है, जो देश के सकल घरेलू उत्पाद के लगभग 3 प्रतिशत के बराबर है.
रिपोर्ट में कहा गया है कि वायु प्रदूषण से जुड़ी बीमारियों के कारण हर साल लगभग 1.3 अरब कार्यदिवस प्रभावित होते हैं. अत्यधिक प्रदूषण वाले दिनों में कर्मचारियों की उत्पादकता 8 से 10 प्रतिशत तक घट सकती है. व्यापक आर्थिक आकलन में स्वास्थ्य खर्च, कम उत्पादकता और समय से पहले होने वाली मौतों के कारण GDP पर कुल प्रभाव 9 से 9.5 प्रतिशत तक बताया गया है.
स्वास्थ्य संकट के रूप में प्रदूषण
रिपोर्ट के अनुसार, 2023 में भारत में 20 लाख से अधिक मौतें वायु प्रदूषण से जुड़ी थीं. प्रदूषित हवा के लंबे समय तक संपर्क से औसत भारतीय की जीवन प्रत्याशा करीब 3.5 वर्ष कम होने का अनुमान है. 66 करोड़ से अधिक लोग ऐसे क्षेत्रों में रहते हैं, जहां सूक्ष्म कणों का स्तर राष्ट्रीय सुरक्षा मानकों से ऊपर है.
FICCI ने कहा है कि प्रदूषण को केवल सर्दियों या धुंध के मौसम की समस्या मानना पर्याप्त नहीं है. रिपोर्ट में सालभर निगरानी, PM2.5 पर स्पष्ट लक्ष्य, स्थानीय स्तर पर प्रदूषण की पहचान और स्वास्थ्य निगरानी मजबूत करने की सिफारिश की गई है.
रिपोर्ट ने दिल्ली के उदाहरण से बताया कि सर्दियों में शहर के भीतर के स्रोत PM2.5 प्रदूषण के करीब 36 प्रतिशत और गर्मियों में लगभग 26 प्रतिशत के लिए जिम्मेदार होते हैं. बाकी प्रदूषण आसपास के क्षेत्रों से आता है. इसलिए FICCI ने शहर-केंद्रित उपायों के बजाय पूरे ‘एयरशेड’ के आधार पर राज्यों और केंद्र के बीच समन्वित कार्रवाई पर जोर दिया है.
