भारत में ऐतिहासिक लेखन को समर्पित वार्षिक पुरस्कार की शुरुआत हो गई है. फाउंडेशन फॉर इंडियन हिस्टोरिकल एंड कल्चरल रिसर्च (FIHCR) की ओर से आयोजित प्रथम वार्षिक इतिहास पुरस्कार समारोह में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने विजेताओं को सम्मानित किया. समारोह इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित किया गया.

सीतारमण ने प्रथम डॉ. एसएल भैरप्पा स्मृति व्याख्यान में कहा कि पश्चिम में ऐतिहासिक लेखन के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कार हैं, लेकिन भारत में इस विधा को सम्मानित करने की ऐसी परंपरा अब तक नहीं थी. उनके मुताबिक, FIHCR का यह प्रयास इस कमी को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.

चार श्रेणियों में दिए गए पुरस्कार

उद्घाटन संस्करण में भारतीय इतिहास के लिए 10 लाख रुपये का आरसी मजूमदार पुरस्कार प्रसेनजीत के बसु की पुस्तक ‘इंडिया रीबॉर्न’ को दिया गया. इस श्रेणी में ‘हिंदू हीरोज ऑफ मेडिवल भारत’ के लिए चांदनी सेनगुप्ता को विशेष उल्लेख मिला.

भारतीय ऐतिहासिक कथा-साहित्य की श्रेणी में 5 लाख रुपये का एसएल भैरप्पा पुरस्कार अमीश त्रिपाठी की कृति ‘द चोला टाइगर्स’ को मिला. ‘डॉटर ऑफ टू रिवर्स’ के लिए अरुण कृष्णन को विशेष उल्लेख दिया गया.

बच्चों के लिए ऐतिहासिक लेखन की लेखक श्रेणी में 3 लाख रुपये का अनंत पई पुरस्कार संजीव सान्याल की कृति ‘रिवोल्यूशनरीज: फाइट फॉर फ्रीडम’ को मिला. ‘फैसिनेटिंग महाराजाज ऑफ इंडिया’ के लिए श्रीलता मेनन को विशेष उल्लेख प्राप्त हुआ.

बच्चों के लिए भारतीय ऐतिहासिक लेखन में चित्रांकन की श्रेणी का 2 लाख रुपये का अनंत पई पुरस्कार ‘राम कुमार: बिटवीन द लाइन्स’ के लिए तपोशी घोषाल को दिया गया. ‘कलर्स ऑफ होम’ के लिए एवा सांचेज गोमेज को विशेष उल्लेख मिला.

करीब 250 प्रविष्टियों में हुआ चयन

FIHCR के अनुसार, पुरस्कारों के पहले संस्करण के लिए प्रकाशन जगत से करीब 250 प्रविष्टियां मिली थीं. इनकी छंटाई के बाद लंबी सूची तैयार की गई और संबंधित जूरी ने अंतिम विजेताओं का चयन किया.

FIHCR के संस्थापक-निदेशक डॉ. विक्रम संपत ने कहा कि पुरस्कारों के जरिए इतिहासकार, उपन्यासकार और लेखक-चित्रकार की उन कृतियों को सम्मानित किया गया है, जो अतीत को समझने और बच्चों के लिए इतिहास को जीवंत बनाने का प्रयास करती हैं.

समारोह में ओला फाउंडेशन की अध्यक्ष राजलक्ष्मी अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं. उन्होंने कहा कि ऐसे पुरस्कार स्थापित और उभरती आवाजों को भारतीय अतीत के साथ गंभीरता से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित कर सकते हैं.

व्याख्यान के दौरान सीतारमण ने डॉ. एसएल भैरप्पा के लेखन में इतिहास, आस्था और सभ्यतागत स्मृतियों से जुड़े विचारों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि सच किसी विचारधारा या संस्था का नहीं होता, बल्कि उसे खोजने का साहस रखने वालों का होता है.