केंद्र सरकार ने फिल्मों में ड्रग्स के सेवन या तस्करी से जुड़े दृश्यों के दौरान स्क्रीन पर एंटी-ड्रग चेतावनी दिखाना अनिवार्य कर दिया है. यह बदलाव Cinematograph Act के तहत फिल्म प्रमाणन दिशानिर्देशों में संशोधन के जरिए किया गया है.

नोटिफिकेशन के अनुसार, ऐसे दृश्यों के साथ यह संदेश दिखाना होगा: “Illicit Narcotics Destroy Health and Guarantees Imprisonment. Say No to Drugs”. चेतावनी को प्रमुखता से प्रदर्शित करने का प्रावधान किया गया है.

यह कदम OTT प्लेटफॉर्म के लिए पिछले महीने जारी किए गए इसी तरह के निर्देश के बाद आया है. निजी सैटेलाइट टेलीविजन चैनलों को भी नशीले पदार्थों के सेवन या इस्तेमाल वाले दृश्यों के दौरान यह चेतावनी दिखाने की सलाह दी गई थी.

CBFC के मौजूदा दिशानिर्देश

पहले के फिल्म प्रमाणन नियमों में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) को यह सुनिश्चित करना होता था कि ड्रग्स की लत को प्रोत्साहित, उचित ठहराने या उसका महिमामंडन करने वाले दृश्य न दिखाए जाएं. हालांकि, इन नियमों में स्क्रीन पर किसी खास चेतावनी को अनिवार्य करने का प्रावधान नहीं था.

दिशानिर्देशों के तहत हिंसा और अन्य असामाजिक गतिविधियों को glorify या justify करने पर भी रोक है. ऐसे आपराधिक तरीकों का चित्रण भी प्रतिबंधित है, जो अपराध के लिए प्रेरित कर सकते हैं. नियमों में हिंसा, क्रूरता, यौन सामग्री, सार्वजनिक व्यवस्था, राज्य की सुरक्षा और भारत के विदेशी संबंधों को प्रभावित करने वाली सामग्री से जुड़े प्रावधान भी शामिल हैं.

इन दिशानिर्देशों में मई 2025 में बदलाव कर उम्र आधारित तीन parental guidance श्रेणियां—U/A 7+, U/A 13+ और U/A 16+—जोड़ी गई थीं.

इसी दिन केंद्र ने CBFC का पुनर्गठन भी किया. नए 18 सदस्यीय बोर्ड में प्रीति जिंटा, पंकज त्रिपाठी, सुनील शेट्टी, पल्लवी जोशी, प्रोसेनजीत चटर्जी, फिल्मकार प्रियदर्शन और Grammy विजेता संगीतकार रिकी केज समेत अन्य सदस्यों को शामिल किया गया है.