इसरो प्रमुख वी. नारायणन ने कहा है कि भारत का पहला निजी तौर पर निर्मित PSLV लॉन्च के लिए तैयार हो रहा है. PSLV-N1 को 2027 की पहली तिमाही में लॉन्च करने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने यह जानकारी नई दिल्ली में आयोजित 5वीं इंडिया इंटरनेशनल स्पेस कॉन्फ्रेंस में दी.
नारायणन के मुताबिक, पहले PSLV के निर्माण में इसरो की प्रमुख भूमिका रहती थी. अब L&T और HAL के कंसोर्टियम को पांच PSLV बनाने की जिम्मेदारी दी गई है. इसरो की वाणिज्यिक शाखा NSIL ने सितंबर 2022 में कंसोर्टियम के साथ यह अनुबंध किया था. पांच रॉकेट बनाने वाले इस कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 860 करोड़ रुपये बताई गई है.
निजी क्षेत्र की बढ़ती भूमिका
इसरो प्रमुख ने कहा कि सरकार स्टार्टअप्स के साथ मिलकर सैटेलाइट लॉन्च की क्षमता बढ़ाने पर काम कर रही है. उनके अनुसार, इसरो के पास फिलहाल ऑर्बिट में 56 स्पेस एसेट्स हैं. संचार, नेविगेशन और पृथ्वी अवलोकन की जरूरतों को पूरा करने के लिए आने वाले समय में कई और स्पेस एसेट्स की आवश्यकता होगी.
उन्होंने कहा कि यह काम केवल सरकारी व्यवस्था के जरिए पूरा नहीं किया जा सकता. इसरो और IN-SPACe निजी कंपनियों को सहयोग दे रहे हैं. नारायणन के अनुसार, देश में स्पेस सेक्टर से जुड़े स्टार्टअप्स की संख्या एक से बढ़कर 440 से अधिक हो गई है और इसका प्रभाव अगले पांच वर्षों में दिखाई देने की उम्मीद है.
गगनयान मिशन पर अपडेट
नारायणन ने गगनयान मिशन में देरी की बात से इनकार किया. उन्होंने कहा कि यह तकनीकी रूप से बड़ा मिशन है और अब अंतिम चरण में है. रॉकेट तथा अन्य जरूरी चीजें तैयार हैं, जबकि ऑर्बिटल मॉड्यूल पर काम चल रहा है. उनके मुताबिक, उपयुक्त अवसर मिलते ही मिशन को लॉन्च किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि भारत 64 देशों के साथ अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग कर रहा है. पिछले 12 वर्षों में भारत की धरती से 34 देशों के कम से कम 434 सैटेलाइट लॉन्च किए गए हैं. इसरो और चंडीगढ़ की सेमीकंडक्टर लैब द्वारा विकसित विक्रम-32 प्रोसेसर भी तैयार है और इसे अब सिस्टम में शामिल किया जाएगा.
