चुनाव आयोग ने उन राज्यों में ECINET पोर्टल के ऑनलाइन फॉर्म 6 से अतिरिक्त घोषणा हटाने का फैसला किया है, जहां मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पूरा हो चुका है. फॉर्म 6 का इस्तेमाल नए मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए किया जाता है.

यह अतिरिक्त घोषणा SIR प्रक्रिया के दौरान जोड़ी गई थी. इसमें आवेदक से अपने, माता-पिता या दादा-दादी के पिछले SIR रिकॉर्ड से जुड़े विवरण मांगे जाते थे. आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रावधान SIR अवधि के लिए था और गैर-SIR अवधि में नियमों के तहत लागू मूल फॉर्म का इस्तेमाल किया जाएगा.

इस बदलाव के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से पूछा कि ECINET पर फॉर्म में यह परिवर्तन कराने का आदेश किसने दिया था. उन्होंने विशेष रूप से यह सवाल उठाया कि तकनीकी सेवा प्रदाता Tata Consultancy Services को बदलाव के निर्देश किस अधिकारी या संस्था ने दिए.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने इस अतिरिक्त घोषणा को लेकर आपत्ति जताई थी. आयोग ने कहा है कि मूल वैधानिक फॉर्म 6 में बदलाव नहीं किया गया था, बल्कि SIR के लिए अलग घोषणा जोड़ी गई थी.