दिल्ली के वसंत कुंज उत्तर इलाके के द ग्रैंड होटल में एअर इंडिया के एक पूर्व पायलट मृत पाए गए. पुलिस के अनुसार, उन्होंने 10 सितंबर को होटल में चेक-इन किया था.
11 सितंबर की शाम उनके भाई ने होटल मैनेजर को बताया कि वह फोन का जवाब नहीं दे रहे हैं. मैनेजर जब कमरे तक पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था. इसके बाद मास्टर चाबी से कमरा खोला गया, जहां पूर्व पायलट बेहोश मिले.
पुलिस को सूचना दी गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. जांच के लिए क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाया गया.
12 सितंबर को सफदरजंग अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया. पुलिस के मुताबिक, मौत की सटीक वजह अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल राय मिलने के बाद ही स्पष्ट होगी.
वसंत कुंज उत्तर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत जांच कार्यवाही शुरू कर दी है. मामले में आगे की जांच जारी है.
