पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने अदालतों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल को लेकर कहा है कि तकनीक से अदालतों के रोजमर्रा और दोहराव वाले काम कराए जा सकते हैं, लेकिन फैसला लिखने, उसका कारण बताने और उस पर हस्ताक्षर करने की जिम्मेदारी जज की ही रहनी चाहिए.
नई दिल्ली में शनिवार को आयोजित ‘AI फॉर ऑल: AI गवर्नेंस एंड ट्रस्ट, द केस फॉर जुडिशियल एक्सेस एंड एनपावर्ड इंडिया’ कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि ट्रांसक्रिप्शन, अनुवाद, मामलों की सूची तैयार करने और दस्तावेजों की कमियां खोजने जैसे कामों में AI मदद कर सकता है. उनके मुताबिक अदालतों का काफी समय ऐसे कामों में चला जाता है, जबकि जजों का ध्यान समय पर न्यायिक निर्णय देने पर होना चाहिए.
फर्जी कानूनी हवालों को लेकर चेतावनी
चंद्रचूड़ ने AI से तैयार फर्जी कानूनी संदर्भों के दो मामलों का उल्लेख किया. एक मामले में ट्रायल कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के ऐसे चार फैसलों पर भरोसा किया, जो अस्तित्व में ही नहीं थे. दूसरे मामले में सुप्रीम कोर्ट के वास्तविक फैसलों में ऐसे पैराग्राफ जोड़ दिए गए थे, जो मूल फैसलों में थे ही नहीं.
उन्होंने कहा कि मशीन से तैयार हर साइटेशन और अनुवाद की इंसानी जांच जरूरी है. साथ ही, AI के इस्तेमाल का रिकॉर्ड भी रखा जाना चाहिए.
प्रस्तावित नियमों में पारदर्शिता पर जोर
उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की AI कमेटी ने 3 जून को अदालतों में AI के इस्तेमाल के लिए ड्राफ्ट नियम जारी किए थे. प्रस्तावित नियम सुप्रीम कोर्ट, ट्रायल कोर्ट और ट्रिब्यूनल पर लागू करने के लिए तैयार किए गए हैं. इनमें मानव नियंत्रण, पारदर्शिता, जवाबदेही, डेटा सुरक्षा और न्यायिक स्वतंत्रता को आधार बनाया गया है.
नियम केस मैनेजमेंट, ट्रांसक्रिप्शन, अनुवाद और कानूनी शोध में AI के इस्तेमाल की अनुमति देते हैं. हालांकि, जमानत जोखिम का आकलन करने या गवाह की विश्वसनीयता तय करने में AI के इस्तेमाल पर रोक का प्रस्ताव है. अदालतों को इस्तेमाल किए जाने वाले हर AI टूल का रजिस्टर रखने और गड़बड़ियों का डेटाबेस बनाने की बात भी कही गई है.
चंद्रचूड़ ने कहा कि AI से जुड़ी गलतियों को चुनौती देने की व्यवस्था, जिला जजों की ट्रेनिंग और स्वतंत्र ऑडिट पर नियमों को अंतिम रूप देने से पहले ध्यान देना चाहिए.
लंबित मामलों के बीच तकनीक की जरूरत
उन्होंने कानून मंत्री के जुलाई में राज्यसभा में दिए बयान का हवाला देते हुए कहा कि देश की अदालतों में करीब 5.64 करोड़ मामले लंबित हैं. उनके अनुसार, भारत में 10 लाख लोगों पर करीब 15 जज हैं, जबकि 1987 में विधि आयोग ने 50 जजों की सिफारिश की थी. एक जिला जज औसतन करीब 2,200 मामले संभालता है.
उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के ‘सुवास’ अनुवाद टूल, केरल की ट्रायल अदालतों में स्पीच-टू-टेक्स्ट तकनीक और IIT मद्रास के साथ दस्तावेजों की कमियां पहचानने वाले टूल के परीक्षण का भी उल्लेख किया.
