भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिस्लेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी है. नियामक के अनुसार, कंपनी के परिसर से लिए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के एक नमूने में निर्धारित मानकों का पालन नहीं पाया गया और उसे असुरक्षित घोषित किया गया.
FSSAI के मुताबिक, शुरुआती जांच में नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं थी. कंपनी की अपील के बाद नमूने को रेफरल फूड लेबोरेटरी भेजा गया. नियामक का कहना है कि इस जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी सामने आई और नमूने को फिर असुरक्षित माना गया. FSSAI ने कहा कि प्रयोगशाला के निष्कर्षों में असुरक्षित खाद्य पदार्थ से जुड़े कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन मिला, जिसके आधार पर अभियोजन की अनुमति दी गई.
कंपनी ने क्या कहा
बिस्लेरी ने मामले को करीब 14 महीने पुराना बताते हुए कहा कि यह सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसकी विनिर्माण इकाई में तैयार हुई एक खेप से जुड़ा है. कंपनी के अनुसार, 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने वहां से छह नमूने लिए थे. इनमें से पांच सभी मानकों पर खरे उतरे, जबकि छठे नमूने में ब्रोमेट 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया था. कंपनी ने निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर बताई.
कंपनी के अनुसार, 22 नवंबर 2025 को उसकी अपील के बाद रेफरल लैब में ब्रोमेट सीमा के भीतर मिला, लेकिन अलग जांच में PAHs की बात कही गई. बिस्लेरी ने उसी नमूने का FSSAI-अनुमोदित प्रयोगशाला में परीक्षण कराया, जिसमें उसके मुताबिक ब्रोमेट निर्धारित सीमा के भीतर था. कंपनी ने यह भी कहा कि उसे अब तक ईमेल या लिखित नोटिस नहीं मिला और वह 10 चरणों वाली निर्माण प्रक्रिया में 90 से अधिक गुणवत्ता परीक्षण करती है.
चॉकलेट कुकीज पर भी रिकॉल का आदेश
FSSAI ने आशा कन्फेक्शनरी की प्री-पैक्ड चॉकलेट-फिल्ड कुकीज को बाजार से तत्काल वापस लेने का निर्देश दिया है. जांच में कार्मोसिन का लेबल पर उल्लेख नहीं होने, टार्ट्राजिन की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक होने और इस श्रेणी में अनुमत नहीं बताए गए सनसेट यलो FCF की मौजूदगी की आपत्तियां सामने आईं. नियामक ने कुकीज को मिसब्रांडेड, घटिया गुणवत्ता वाला और असुरक्षित बताया है.
