भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य कंपनियों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई तेज करते हुए Priyagold बिस्किट बनाने वाली Surya Food & Agro Ltd, Dodla Dairy Ltd और Ueir Organic Foods Pvt Ltd के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी है. नियामक ने Nestlé India और Hindustan Unilever (HUL) को भी उत्पादों की लेबलिंग और दावों से जुड़े कथित उल्लंघनों पर नोटिस जारी किए हैं.

Surya Food & Agro के खिलाफ कार्रवाई एक उपभोक्ता शिकायत के बाद हुई जांच से जुड़ी है. अधिकारियों के अनुसार, Priyagold बिस्किट में फाइबर स्रोत के तौर पर इस्तेमाल की जा रही ब्रान से भरे बोरे पशु आहार के लिए चिह्नित थे. निरीक्षण में प्लांट की स्वच्छता, कीट नियंत्रण, कच्चे माल के भंडारण और अलगाव, कर्मचारियों की स्वच्छता तथा परिसर के रखरखाव में भी कमियां दर्ज की गईं. इसके बाद कंपनी का FSSAI लाइसेंस निलंबित किया गया और सक्षम प्राधिकारी ने अभियोजन को मंजूरी दी.

Nestlé India को Nescafé Ready To Drink रेंज के Cappuccino, Choco Mocha और Chilled Latte उत्पादों को लेकर नोटिस मिला है. FSSAI ने पैकेज के सामने “Flavoured Milk” और पीछे दर्ज उत्पाद वर्गीकरण के बीच कथित असंगति पर सवाल उठाया है. ऑनलाइन लिस्टिंग में “Coffee Flavoured Milk” और flavoured double-toned milk से जुड़े दावों का भी उल्लेख था. कंपनी ने कहा कि यह मामला उत्पाद सुरक्षा या गुणवत्ता से संबंधित नहीं है और वह नियमानुसार जवाब देगी.

Nestlé के Resource Renal vanilla flavour powder पर भी नोटिस जारी हुआ है. FSSAI के अनुसार, उत्पाद के लिए आवश्यक पूर्व मंजूरी नहीं थी और लेबल पर निर्धारित शाकाहारी या मांसाहारी चिन्ह नहीं दिया गया था.

HUL को Horlicks Women’s Plus Chocolate Nutrition Drink के “Nutrition for Strong Bones” और “Clinically Proven to Help Improve Bone Strength in 6 Months” जैसे दावों पर नोटिस मिला है. कंपनी ने कहा कि वह वैज्ञानिक और नियामकीय साक्ष्य प्राधिकरण के साथ साझा करेगी.