भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने स्कूलों और उनके आसपास जंक फूड की बिक्री से जुड़े नियमों को स्पष्ट करने के लिए नया ड्राफ्ट जारी किया है. प्रस्ताव के तहत किसी खाद्य उत्पाद की बिक्री पर फैसला उसमें मौजूद नमक, चीनी और फैट की मात्रा के आधार पर किया जाएगा.

मौजूदा नियमों के अनुसार स्कूल की कैंटीन, मेस, हॉस्टल और स्कूल गेट से 50 मीटर तक अधिक नमक, चीनी और फैट वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक है. बच्चों को आकर्षित करने वाली ऐसी खाद्य सामग्री की विज्ञापन गतिविधियों पर भी प्रतिबंध लागू है.

हालांकि, चिप्स, बिस्किट, नमकीन और कोल्ड ड्रिंक जैसे उत्पादों पर अभी सीधे तौर पर प्रतिबंध नहीं है. नए ड्राफ्ट के अंतिम रूप लेने के बाद पोषण संबंधी मानकों के आधार पर यह तय किया जाएगा कि 50 मीटर के दायरे में किन उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित होगी.

अभी क्या तय नहीं हुआ

FSSAI के अनुसार प्रतिबंधित जंक फूड की अंतिम सूची और स्कूलों के लिए अनिवार्य हेल्दी मेन्यू अभी तैयार नहीं है. नियमों और सूची के तय होने के बाद स्कूल कर्मचारियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जाएगा.

‘ईट राइट स्कूल’ कार्यक्रम फिलहाल स्कूलों के लिए अनिवार्य नहीं है. नियमों के पालन और निरीक्षण की जिम्मेदारी राज्यों के खाद्य सुरक्षा विभागों की होगी. इन प्रावधानों को पूरी तरह लागू करने की समयसीमा अभी तय नहीं की गई है. इसलिए ड्राफ्ट को अंतिम नियमों के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए.