भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने त्योहारी सीजन के दौरान देशभर में चलाए गए विशेष अभियान में 3,279.57 टन प्रतिबंधित और मानकों का पालन न करने वाले खाद्य उत्पाद जब्त किए हैं. इनकी अनुमानित कीमत ₹81.80 करोड़ बताई गई है.

FSSAI के अनुसार, यह अभियान 1 सितंबर से 5 नवंबर 2026 के बीच चलाया गया. इस दौरान 56,431 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया. जब्त उत्पादों में पनीर, घी, दूध और मिठाइयां शामिल हैं.

खाद्य सुरक्षा उल्लंघनों पर कार्रवाई करते हुए प्राधिकरण ने 52 लाइसेंस रद्द किए और 1,133 लाइसेंस निलंबित किए. इसके अलावा 314 प्रतिष्ठानों को सील किया गया. खाद्य कारोबारियों को नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए 10,047 सुधार नोटिस भी जारी किए गए.

प्राधिकरण ने कहा कि त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा और मिलावट की रोकथाम के लिए निगरानी बढ़ाई गई थी. FSSAI ने इस कैलेंडर वर्ष में खाद्य कारोबारियों और ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने की बात भी कही है.