भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर की जांच का दायरा बढ़ा दिया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्राधिकरण ने अलग-अलग पैकेज्ड वॉटर ब्रांड्स से रैंडम सैंपल एकत्र किए हैं. इन सैंपल्स की जांच रिपोर्ट आने का इंतजार है.
इससे पहले कई ब्रांड्स के सैंपल लिए गए थे, जिनमें बिसलेरी भी शामिल है. कार्रवाई ऐसे समय में तेज हुई है जब बिसलेरी के एक पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर सैंपल को लेकर FSSAI की अभियोजन मंजूरी और प्रयोगशाला जांच के निष्कर्षों पर विवाद चल रहा है.
FSSAI के अनुसार, बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से लिए गए एक सैंपल में निर्धारित ब्रोमेट सीमा का अनुपालन नहीं पाया गया और उसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया. कंपनी की अपील के बाद सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया, जहां पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) की मौजूदगी का उल्लेख किया गया.
बिसलेरी ने इन निष्कर्षों पर असहमति जताई है और कहा है कि उसका पानी सेवन के लिए सुरक्षित है. कंपनी के मुताबिक, मामला सितंबर 2025 में गोवा संयंत्र में बने एक बैच से जुड़ा है. 30 सितंबर 2025 को लिए गए छह सैंपल्स में से पांच लागू मानकों के अनुरूप थे, जबकि एक में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज हुई, जबकि निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है.
कंपनी का कहना है कि रेफरल लैब ने ब्रोमेट को सीमा के भीतर पाया, लेकिन PAHs की मौजूदगी बताई. बिसलेरी ने यह भी कहा कि FSSAI-अनुमोदित एक अन्य प्रयोगशाला में जांच के दौरान ब्रोमेट निर्धारित सीमा के भीतर मिला और इसके नतीजे 2 फरवरी 2026 को FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंपे गए.
FSSAI पैकेज्ड वॉटर की गुणवत्ता के साथ-साथ ऐसे नामों और लेबल्स पर भी नजर रख रहा है, जो स्थापित ब्रांड्स से मिलते-जुलते हों और उपभोक्ताओं को भ्रमित कर सकते हों.
