भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने Priyagold बिस्किट बेचने वाली Surya Food & Agro के खिलाफ अभियोजन के लिए कानूनी कार्रवाई शुरू की है. नियामक का आरोप है कि कंपनी बिस्किट निर्माण में पशु-चारे के लिए निर्धारित ब्रान का इस्तेमाल कर रही थी.

FSSAI ने सोशल मीडिया पर बताया कि Surya Food & Agro, Dodla Dairy और UEIR Organic Foods के विरुद्ध गंभीर खाद्य सुरक्षा उल्लंघनों के मामले में अभियोजन की प्रक्रिया शुरू की गई है. यह कार्रवाई आरोपों की जांच और नियामकीय निष्कर्षों के आधार पर शुरू की गई कानूनी प्रक्रिया है.

Priyagold मामले में क्या मिला

FSSAI के अनुसार, उपभोक्ता शिकायत के बाद Surya Food & Agro की जांच की गई थी. निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी गंभीर कमियां पाई गईं. नियामक ने कहा कि बिस्किट में फाइबर के स्रोत के रूप में इस्तेमाल हो रहा ब्रान मानव उपभोग के लिए नहीं, बल्कि पशु-चारे के लिए निर्धारित था.

बताया गया कि ब्रान के जूट के बोरों पर भी यह सामग्री पशु-चारे के लिए होने का उल्लेख था. निरीक्षण में संयंत्र की स्वच्छता, कीट नियंत्रण, कच्चे माल के भंडारण व अलगाव, कर्मचारियों की स्वच्छता, परिसर रखरखाव और मध्यवर्ती मिश्रणों के प्रबंधन से संबंधित कमियां भी दर्ज की गईं. FSSAI पहले ही कंपनी का लाइसेंस निलंबित कर चुका था.

दूध और किशमिश के मामलों में भी कार्रवाई

Dodla Dairy के फुल क्रीम मिल्क का नियामकीय नमूना निर्धारित दूध-वसा मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया था. कंपनी की अपील के बाद रेफरल फूड लैब में जांच हुई. FSSAI के अनुसार, लैब ने नमूने में डिटर्जेंट या कॉस्टिक सोडा की मौजूदगी के कारण उसे असुरक्षित तथा न्यूनतम निर्धारित सीमा से कम दूध-वसा के कारण घटिया घोषित किया.

नियामक ने कहा कि सक्षम प्राधिकारी ने Dodla Dairy और उत्पाद के निर्माण व विपणन से जुड़े अन्य खाद्य कारोबार संचालकों के खिलाफ अभियोजन को मंजूरी दी है. वहीं, UEIR Organic Foods की बेची गई पीली किशमिश के नमूने में कीटनाशक अवशेष मिलने की बात कही गई है.