भारत में हवाई अड्डों पर फुल-बॉडी स्कैनर की व्यापक तैनाती से पहले तकनीक और उसके एल्गोरिदम का परीक्षण किया जा रहा है. विमानन सुरक्षा नियामक ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) बेंगलुरु और कोच्चि हवाई अड्डों पर चल रहे परीक्षणों से डेटा जुटा रहा है.

BCAS के महानिदेशक राजेश निर्वाण के अनुसार, आठ हवाई अड्डों पर फुल-बॉडी स्कैनर लगाने का प्रावधान किया गया है. हालांकि, मौजूदा परीक्षण जिस कोच्चि हवाई अड्डे पर हो रहा है, वह इन आठ हवाई अड्डों की सूची में शामिल नहीं है. अधिकारियों का कहना है कि परीक्षणों के दौरान उत्पन्न होने वाले अलार्म की संख्या समेत अन्य आंकड़ों का आकलन किया जाएगा. इसके बाद आगे की तैनाती पर निर्णय लिया जाएगा.

गोपनीयता को लेकर बदली जा रही तकनीक

इन स्कैनर की तैनाती में देरी की एक बड़ी वजह यात्रियों की निजता से जुड़ी चिंताएं रही हैं. अधिकारियों के मुताबिक, नए स्कैनर ‘इमेज एग्नॉस्टिक’ तकनीक पर काम करते हैं. इनमें यात्री की वास्तविक तस्वीर दिखाने के बजाय एक मॉडल प्रदर्शित होता है और शरीर के उस हिस्से की पहचान की जाती है, जहां संदिग्ध वस्तु का पता चला हो.

BCAS स्कैनर निर्माताओं और मूल उपकरण निर्माताओं के साथ मिलकर भारतीय परिस्थितियों के अनुरूप एल्गोरिदम में सुधार कर रहा है. अधिकारियों ने बताया कि आभूषण और भारत में आम तौर पर पहने जाने वाले अन्य सामान अनावश्यक अलार्म का कारण बन सकते हैं. परीक्षणों से मिले डेटा का इस्तेमाल ऐसे अलार्म कम करने और तकनीक को बेहतर बनाने में किया जाएगा.

Flydubai घटना की भी समीक्षा

अधिकारियों ने Flydubai के कॉकपिट में हुई हालिया घटना की भी जानकारी दी. घटना में भारतीय पायलट स्मित मच्छर घायल हुए थे. विमानन मंत्रालय इस मामले की समीक्षा कर रहा है और आंतरिक विचार-विमर्श के बाद तय किया जाएगा कि कोई विमानन सुरक्षा सलाह जारी करने की जरूरत है या नहीं.