पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के गाइघाटा में 17 वर्षीय छात्रा का शव रविवार सुबह उसके एक रिश्तेदार के घर के पीछे मिला. पुलिस को शुरुआती जांच में दुष्कर्म और हत्या की आशंका है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी.

परिवार के अनुसार, छात्रा शनिवार रात घर के पास आयोजित एक संगीत कार्यक्रम में गई थी. रात करीब 11.30 बजे उसके मोबाइल पर फोन आया, जिसके बाद वह कार्यक्रम स्थल से चली गई और वापस नहीं लौटी. परिजनों और स्थानीय लोगों ने रातभर उसकी तलाश की.

पुलिस ने मामले में छात्रा के 23 वर्षीय रिश्तेदार प्रह्लाद दास को गिरफ्तार किया है. उसे पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया गया. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं.

जांच के लिए मेडिकल बोर्ड गठित किया गया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है. पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी. पुलिस ने परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.